रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 15 जुलाई। रायपुर के नकटी गांव के 85 विस्थापित परिवारों को पुनर्वास और मकान उपलब्ध कराने की मांग को लेकर कांग्रेस ने बुधवार को पदयात्रा निकाली। पदयात्रा नकटी गांव से शुरू होकर लोकभवन घेराव के लिए रवाना हुई, लेकिन तेलीबांधा के पास पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोक दिया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की भी हुई।
पदयात्रा में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष, ग्रामीण जिला अध्यक्ष, विधायक, पूर्व विधायक, वरिष्ठ कांग्रेस नेता, बड़ी संख्या में कार्यकर्ता, ग्रामीण और स्थानीय नागरिक शामिल हुए। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पदयात्रा का उद्देश्य नकटी गांव के 85 प्रभावित परिवारों की समस्याओं और मांगों को शासन-प्रशासन तक मजबूती से पहुंचाना है।
कांग्रेस ने आरोप लगाया कि नकटी गांव के प्रभावित परिवारों को अब तक न्याय नहीं मिला है। पार्टी ने मांग की कि विस्थापितों को पुन: मकान बनाकर दिए जाएं और उनके पुनर्वास की समुचित व्यवस्था की जाए।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी जनहित के मुद्दों को लगातार उठाती रहेगी और नकटी गांव के प्रभावित परिवारों को न्याय दिलाने के लिए आंदोलन जारी रहेगा। वहीं, पुलिस द्वारा तेलीबांधा के पास पदयात्रा रोके जाने के दौरान कुछ देर के लिए तनाव की स्थिति बनी रही।