रायपुर
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
रायपुर, 14 जुलाई। महालेखाकार (कैग) ने वर्ष 2024-25 के लिए छत्तीसगढ़ राज्य की वित्तीय स्थिति पर अपनी रिपोर्ट विधानसभा में पेश की। रिपोर्ट में राज्य की वित्तीय स्थिति का आंकलन प्रस्तुत किया गया है। इसमें कर्ज, ब्याज भुगतान और बजटीय प्रबंधन से जुड़ी चुनौतियों की ओर भी ध्यान दिलाया गया।
रिपोर्ट में बताया गया कि वर्ष 2024-25 में राज्य का सकल राज्य घरेलू उत्पाद (जीएसडीपी) बढक़र 5.67 लाख करोड़ रुपये पहुंच गया, जो पिछले वर्ष की तुलना में 10.89 प्रतिशत अधिक है। इसी अवधि में राज्य की राजस्व प्राप्तियों में 16.21 प्रतिशत तथा राज्य के अपने राजस्व में 15.30 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। केंद्र सरकार से मिलने वाले सहायता अनुदानों पर निर्भरता भी घटकर 11.86 प्रतिशत रह गई।
कैग ने बताया कि वर्ष 2024-25 में राज्य का कुल व्यय 1.45 लाख करोड़ रुपये रहा। इसमें राजस्व व्यय का हिस्सा 88.53 प्रतिशत रहा, जबकि पूंजीगत व्यय 20,054.62 करोड़ रुपये रहा। ऊर्जा और खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति क्षेत्र में दी गई सब्सिडी का बड़ा हिस्सा खर्च हुआ।
रिपोर्ट में यह भी उल्लेख है कि राज्य का लोक ऋण बढक़र 33,463 करोड़ रुपये हो गया। वर्ष 2024-25 के दौरान लिए गए उधार का 47 प्रतिशत हिस्सा पुराने ऋण चुकाने में खर्च हुआ, जिससे केवल 53 प्रतिशत राशि ही विकास कार्यों के लिए उपलब्ध रही। राजस्व प्राप्तियों के अनुपात में ब्याज भुगतान भी बढक़र 7.44 प्रतिशत हो गया, जो बढ़ते ऋण बोझ का संकेत है।
हालांकि लेखापरीक्षा के बाद राज्य का राजकोषीय घाटा जीएसडीपी के 4.48 प्रतिशत पर रहा, जो पिछले वर्ष के 5.44 प्रतिशत से कम है। राज्य की कुल बकाया देनदारियां भी 15वें वित्त आयोग द्वारा निर्धारित सीमा के भीतर पाई गईं।
कैग ने बजट प्रबंधन में कुछ कमियां भी उजागर की हैं। रिपोर्ट में यह बताया गया कि वर्ष 2024-25 में 25 नई योजनाओं के लिए 261.41 करोड़ रुपये का प्रावधान होने के बावजूद कोई खर्च नहीं किया गया। इसके अलावा छह विनियोगों में 1,538.65 करोड़ रुपये का अतिरिक्त व्यय हुआ, जिसके नियमितीकरण की आवश्यकता बताई गई।
रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि मार्च 2025 तक राज्य पर 1.53 लाख करोड़ रुपये से अधिक की बजटीय देनदारियां तथा 4,776.57 करोड़ रुपये की ऑफ-बजट देनदारियां थीं। साथ ही भारतीय सरकारी लेखांकन मानकों के कुछ प्रावधानों का पूर्ण पालन नहीं किए जाने की भी टिप्पणी की गई है।
शिवनाथ नदी के मंगला-पासीद व मदकू द्वीप समूह नल-जल योजना मार्च 2028 तक होगी पूरी
छत्तीसगढ़ संवाददाता
रायपुर, 14 जुलाई। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग ने बताया है कि फेस (विधानसभा क्षेत्र) अंतर्गत शिवनाथ नदी पर मंगला-पासीद व मदकू द्वीप समूह नल-जल योजना की प्रशासनिक स्वीकृति 22 फरवरी 2022 को जारी की गई थी। योजना का कार्य वर्तमान में प्रगति पर है और इसे मार्च 2028 तक शत-प्रतिशत पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
विधानसभा में विधायक धरमलाल कौशिक के प्रश्न के लिखित उत्तर में उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने बताया कि 16 जून 2026 की स्थिति में योजना के विभिन्न कार्य जारी हैं। योजना के अंतर्गत स्वीकृत एवं व्यय राशि तथा पूर्ण-अपूर्ण कार्यों का विवरण परिशिष्ट में दिया गया है।
सरकार ने यह भी स्पष्ट किया कि योजना के कार्यों में अनियमितता या अन्य किसी प्रकार की शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। इसलिए किसी अधिकारी या एजेंसी के विरुद्ध कार्रवाई का प्रश्न नहीं उठता। वर्तमान में कार्य लगातार जारी है और इसे निर्धारित समयसीमा में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।