रायपुर
शिकायतों की जांच होगी-साव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 14 जुलाई। पूर्व मंत्री, और भाजपा विधायक भैयालाल राजवाड़े ने मंगलवार को कोरिया जिले में जल जीवन मिशन के कार्यों में अनियमितता का आरोप लगाया, और पूरे मामले की जांच की मांग की। राजवाड़े ने कहा कि टंकी बन गई लेकिन पानी का पता नहीं है। पूर्व मंत्री के जोर देने पर पीएचई मंत्री अरूण साव ने तमाम शिकायतों की जांच का आश्वासन दिया।
प्रश्नकाल में भाजपा सदस्य राजवाड़े के सवाल के जवाब में पीएचई मंत्री ने बताया कि जल जीवन मिशन अंतर्गत बैकुण्ठपुर में कुल 928 पानी टंकी का निर्माण किया गया है। इनमें से 751 पूर्ण हैं, और 177 अपूर्ण हैं। मंत्री के जवाब से भाजपा सदस्य ने असहमति जताई, और पूछा कि टंकी का निर्माण हो गया है तो कितने घरों में पानी दिया जा रहा है? उन्होंने कहा कि एक भी घर में पानी नहीं पहुंचा है।
डिप्टी सीएम साव ने कहा कि 447 टंकियों से जल प्रदाय किया जा रहा है। भाजपा सदस्य मंत्री के जवाब से संतुष्ट नहीं हुए। उन्होंने कहा कि किसी गांव में पानी नहीं पहुंच रहा है। पानी टंकी का निर्माण हो गया है तो पाइप लाइन नहीं बिछी है, और कार्य पूर्ण बता दिया गया है।
साव ने कहा कि 143 गांवों में बकायदा ग्राम सभा कर पानी टंकी पंचायतों के हवाले कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि वो खुद भी गांवों में गए थे, और कहीं से शिकायत नहीं मिली है। योजना को सुव्यवस्थित रूप से आगे बढ़ाने का काम किया जा रहा है। भाजपा सदस्य मंत्री के जवाब से संतुष्ट नहीं हुए। उन्होंने कहा कि काम पूरा ही नहीं हुआ है। उनके जोर देने पर डिप्टी सीएम ने कहा कि लिखित में शिकायत देंगे तो उसकी जांच कराई जाएगी।