रायपुर

राजधानी के 1 लाख 21 हजार घरों में अब भी पानी नहीं पहुंच रहा...
14-Jul-2026 8:42 PM
राजधानी के 1 लाख 21 हजार घरों में अब भी पानी नहीं पहुंच रहा...

भाजपा सदस्यों ने पीएचई मंत्री को घेरा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 14 जुलाई। राजधानी रायपुर में अमृत मिशन के कार्यों में देरी का मामला मंगलवार को विधानसभा में उठा। इस पूरे मामले में डिप्टी सीएम अरूण साव ने कहा अमृत मिशन, और अन्य योजनाओं के जरिए पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने कहा कि अभी भी 1 लाख 21 हजार घरों को पानी नहीं मिल पा रहा है। भाजपा सदस्यों ने कहा कि राजधानियों में सबसे ज्यादा टैंकर रायपुर में ही चल रहे हैं।

प्रश्नकाल में भाजपा सदस्य अजय चंद्राकर ने सवाल के जवाब में पीएचई मंत्री ने बताया कि अमृत मिशन का काम 2015 में शुरू हुआ था। 2016 में इसका क्रियान्वयन हुआ। उन्होंने कहा कि राजधानी के 20 वार्डों में पेयजल पहुंचाया गया है। 25 वार्डों में आंशिक रूप से पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है।

डिप्टी सीएम ने कहा कि भाजपा के सरकार बनने के बाद राजधानी रायपुर के हर घर में शुद्ध पेयजल पहुंचे इस दिशा में काम चल रहा है, और 304 करोड़ की योजना प्रक्रियाधीन है। उन्होंने कहा कि 3 लाख 42 हजार आवास चिन्हित हैं। इनमें से 2 लाख 19 हजार में पेयजल पहुंचाया जा रहा है। पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर जवाब से संतुष्ट नहीं हुए। चंद्राकर ने कहा कि योजना कितने की थी? उन्होंने कहा कि अभी भी 1 लाख 21 घरों में पानी नहीं ले रहे हैं। राजधानी की बात करें तो सबसे ज्यादा टैंकर रायपुर में ही चल रहा है।

भाजपा सदस्यों ने स्मार्ट सिटी के मद से पेयजल उपलब्ध कराने की योजना में करप्शन का भी आरोप लगाए। पूर्व मंत्री राजेश मूणत, और सुनील सोनी ने भी सवाल पूछे। सोनी ने कहा कि भक्तमाता कर्मा वार्ड, और चंगोराभाठा में पानी टंकी भी है, लेकिन टैंकरों से पानी की आपूर्ति की जा रही है। डिप्टी सीएम ने कहा कि राजधानी रायपुर में हर घर को पेयजल उपलब्ध कराने की दिशा में काम चल रहा है।


अन्य पोस्ट