रायपुर

बाजार में वसूली कर रहे बदमाशों का वीडियो बनाने पर मारपीट
14-Jul-2026 8:40 PM
बाजार में वसूली कर रहे बदमाशों का वीडियो बनाने पर मारपीट

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 14 जुलाई। राजधानी में बीते दिनों मारपीट और चाकू दिखाकर धमकाने की घटना सामने आई है। चंगोराभाठा बाजार के दिन डरा धमका कर जबरन वसूली करने वाले युवकों का मोबाइल पर वीडियों बनाना युवक को भारी पड़ गया। बदमाशों ने युवक को जान से मारने की धमकी देकर मारपीट कर दी।

घटना डीडीनगर बाजार चौक, पुराना चंगोराभाठा की है। पवन वर्मा ने शिकायत दर्ज कराई कि वह 12 जुलाई की रात 9.15 बजे सब्जी खरीदने चंगोराभाठा बाजार गया था। इसी दौरान दो बदमाश फल विक्रेता संजय सोनकर को चाकू दिखाकर जबरन फल मांग रहे थे। विरोध करने पर उनमें से एक ने किसी नुकीली चीज से संजय सोनकर की उंगली पर हमला कर घायल कर दिया।

घटना का वीडियो बना रहे पवन वर्मा को देखकर दोनों युवक भडक़ गए। आरोपियों ने उनका मोबाइल छीनकर जमीन पर पटक दिया। गाली-गलौज की और शराब पीने के लिए पैसे की मांग कर हाथ-मुक्कों से मारपीट की। चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी भी दी। जान बचाने के लिए भागते समय पवन गिर गए, जिससे उनके हाथ और कमर में चोट आई। बाद में आसपास के लोगों ने आरोपियों की पहचान चंगोराभाठा निवासी अंशु और बादल के रूप में की।

 दुकान बंद करते समय कैंची से हमला: टिकरापारा के लालपुर पटेल चौक निवासी भूषण ने पुलिस को बताया कि वह डेली नीड्स की दुकान संचालित करते हैं। 12 जुलाई की रात 11 बजे दुकान बंद करने के दौरान दुकान के बाहर राहुल और उसका साथी छोटू आपस में गाली-गलौज कर रहे थे।

भूषण के मना करने पर दोनों आरोपियों ने उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। इस बीच राहुल ने हाथ में रखे कैंची से उनकी दाहिनी जांघ पर वार कर दिया। जिसके बाद दोनों ने हाथ-मुक्कों से भी मारपीट की और जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। घायल भूषण का इलाज मेकाहारा अस्पताल में कराया गया।

 घर खाली करने को लेकर दंपति से मारपीट: पुरानी बस्ती के अशोक वाटिका निवासी राजू ने शिकायत दर्ज कराई कि 12 जुलाई की रात करीब 10 बजे वह घर पर थे। इसी दौरान उनके दामाद परमेश्वर साहू और ठेकेदार स्वाती साहू घर पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे।

विरोध करने पर दोनों ने घर खाली करने की धमकी देते हुए हाथ-मुक्कों और पत्थर से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आई उनकी पत्नी संतोषी साहू के साथ भी मारपीट की गई। घटना में राजू के सिर और गाल में चोट आई, जबकि उनकी पत्नी की कलाई और नाक पर चोट लगी। आसपास के लोगों ने बीच-बचाव किया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।


अन्य पोस्ट