रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 14 जुलाई। विशेष एनडीपीएस अदालत ने 49 किलो गांजा तस्करी मामले में आरोपी गनी खान को दोषी ठहराते हुए 20 वर्ष के सश्रम कारावास और 2 लाख रुपए के अर्थदंड की सजा सुनाई है। जुर्माना अदा नहीं करने पर आरोपी को एक वर्ष का अतिरिक्त सश्रम कारावास भुगतना होगा। यह फैसला विशेष जज श्रीमती किरण थवाईत की अदालत ने 9 जुलाई 2026 को सुनाया। मामले में विशेष लोक अभियोजक भुवनलाल साहू ने पैरवी की। अभियोजन के अनुसार, 20 फरवरी 2024 को थाना सरस्वती नगर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बीएसयूपी कॉलोनी, कोटा स्थित अपने घर में गनी खान गांजा छिपाकर रखा है। और सप्लाई करता है। सूचना पर पुलिस ने घर पर दबिश दी। तलाशी के दौरान घर से प्लास्टिक की बोरी में रखे 52 पैकेटों में 49 किलो गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(२)(ब) के तहत अपराध दर्ज कर न्यायालय में आरोप पत्र पेश किया। अभियोजन ने 9 गवाहों के बयान और दस्तावेजी साक्ष्य प्रस्तुत किए, जिनके आधार पर अदालत ने आरोपी को दोषी पाया। आरोपी के खिलाफ हरियाणा के पानीपत और मध्यप्रदेश के दमोह में भी एनडीपीएस एक्ट के तहत मामले दर्ज हैं। अदालत ने आरोपी को 20 वर्ष के सश्रम कारावास और 2 लाख रुपए के जुर्माने से दंडित किया।