रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 12 जुलाई। टिकरापारा इलाके में एक मार्केटिंग फर्म के एजेंट पर 7 लाख 85 हजार रुपए की धोखाधड़ी और अमानत में खयानत का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले में 316-4 की धारा का अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया है।
नवजीवन सोसायटी, पचपेढ़ी नाका निवासी प्रतीक देशमुख 39 ने शिकायत दर्ज कराई कि उनकी प्रतीक मार्केटिंग नाम से फर्म है। जो जेबरानिक्स कंपनी की मोबाइल एक्सेसरीज की सप्लाई का काम करता है। वर्ष 2019-20 से फर्म में कार्यरत एजेंट प्रभांशु शर्मा को मोबाइल दुकानों में सामान पहुंचाने और भुगतान वसूलने के लिए सेल्स सर्विस का काम सौंपा गया था। इस दौरान प्रतीक अपने पैतृक गांव बालाघाट मध्यप्रदेश गया हुआ था। इस कारण दुकान का सारा काम प्रभांशु शर्मा को सौंप दिया गया था।
जिसके बाद प्रतीक जब वापस रायपुर आया तो उसने दुकान का स्टॉक और खातों की जांच की। जांच में दुकान के स्टॉक में गड़बड़ी सामने आई। जब मोबाइल दुकानदारों से जानकारी ली गई तो पता चला कि प्रभांशु ने दुकानों से भुगतान पहले ही वसूल चुका था। और उक्त राशि को उसने फर्म के खातों में जमा नहीं किए। जांच में 7.85 लाख रुपए की वित्तीय अनियमितता सामने आई।
इस बारे में प्रभांशु से रकम वापस मांगने पर एक-दो माह में भुगतान करने का आश्वासन देता रहा। जिसके बाद करीब एक वर्ष बीत जाने के बाद भी पैसे वापस फर्म में जमा नहीं किया गया। बाद में उसने रकम लौटाने से इनकार कर धमकी भी दी।
टिकरापारा पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी और अमानत में खयानत की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले में दुकान की स्टॉक डायरी और लेन-देन के रिकॉर्ड की जांच की जा रही है।
ढाबा में नौकरी दिलाने का झांसा देकर युवक की बाइक लेकर फरार
रायपुर,13 जुलाई। नौकरी दिलाने का झांसा देकर युवक की बाइक लेकर फरार होने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ अमानत में खयानत का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, फुटपाथ पर टोपी, चश्मा और हेलमेट बेचकर जीविकोपार्जन करता है। 10 जुलाई 2026 की सुबह वह अपनी बहन बबिता शाह के पान ठेले, शीतला कॉम्प्लेक्स (नंदिनी रोड, पावर हाउस, कैंप-2) पर बैठा था। इसी दौरान एक व्यक्ति वहां आया, जिसने अपना नाम ओम कश्यप बताया और खुद को अभनपुर स्थित एक ढाबे का मैनेजर बताते हुए 600 रुपए प्रतिदिन वेतन पर नौकरी दिलाने का झांसा दिया। जयप्रकाश उसके झांसे में आ गया। और उसने किसी काम से गाड़ी मांगने पर आरोपी के साथ रायपुर के पंडरी स्थित पुराने बस स्टैंड पहुंचा। रास्ते में कुम्हारी पेट्रोल पंप पर 120 रुपए का पेट्रोल भी भरवाया गया।
हनुमान मंदिर के पास जय प्रकाश लघुशंका के लिए रुका। जब वह वापस लौटा तो आरोपी उसकी बाइक लेकर फरार हो चुका था। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई पता नहीं चला।
बाद में उसकी बहन और साले ने शीतला कॉम्प्लेक्स के सीसीटीवी फुटेज निकलवाए, जिसमें आरोपी की पहचान पुरुषोत्तम कश्यप, निवासी साहू लकड़ी टाल, राष्ट्रीय विद्यालय के पास, थाना छावनी कैंप-2, के रूप में हुई।
देवेन्द्र नगर पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के विरुद्ध अमानत में खयानत का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की तलाश कर रही है।