रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 12 जुलाई। जूनियर डॉक्टर्स एसोसिएशन (जेडीए) ने चिकित्सा शिक्षा संचालनालय में अपर संचालक के पद पर राज्य प्रशासनिक सेवा के गैर-चिकित्सकीय अधिकारी की नियुक्ति का कड़ा विरोध किया है। एसोसिएशन ने राज्य शासन से नियुक्ति आदेश पर तत्काल पुनर्विचार कर इसे निरस्त करने और इस पद पर वरिष्ठ एवं योग्य चिकित्सक की नियुक्ति करने की मांग की है।
रविवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में जेडीए ने कहा कि चिकित्सा शिक्षा अत्यंत तकनीकी और विशेषज्ञता आधारित क्षेत्र है। इस विभाग के नीतिगत और प्रशासनिक निर्णय मेडिकल कॉलेजों, चिकित्सा शिक्षकों, रेजिडेंट डॉक्टरों, इंटर्न चिकित्सकों तथा लाखों मरीजों की स्वास्थ्य सेवाओं को सीधे प्रभावित करते हैं। ऐसे में शीर्ष तकनीकी पदों पर अनुभवी चिकित्सकों की नियुक्ति आवश्यक है।
एसोसिएशन ने कहा कि वर्तमान में प्रदेश में पांच नए मेडिकल कॉलेजों की स्थापना, राष्ट्रीय आयुर्विज्ञान आयोग से मान्यता प्राप्त करना, फैकल्टी की उपलब्धता सुनिश्चित करना और चिकित्सा शिक्षा की गुणवत्ता बनाए रखना जैसी महत्वपूर्ण चुनौतियां हैं। इनका प्रभावी समाधान चिकित्सा क्षेत्र की व्यावहारिक और तकनीकी समझ रखने वाले वरिष्ठ चिकित्सक ही कर सकते हैं।
प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रेशम सिंह ने कहा कि चिकित्सा शिक्षा का नेतृत्व ऐसे अनुभवी चिकित्सकों के हाथों में होना चाहिए, जिन्हें चिकित्सा शिक्षा, अस्पताल प्रबंधन और नैदानिक कार्यप्रणाली की गहरी समझ हो। उन्होंने राज्य शासन से इस निर्णय पर तत्काल पुनर्विचार कर योग्य चिकित्सक की नियुक्ति करने की मांग की।
प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. मनोज कुमार यादव ने कहा कि चिकित्सा शिक्षा विभाग केवल प्रशासनिक व्यवस्था नहीं, बल्कि चिकित्सा विज्ञान, शैक्षणिक उत्कृष्टता और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता से जुड़ा विषय है। उनके अनुसार शीर्ष तकनीकी पदों पर गैर-चिकित्सकीय अधिकारियों की नियुक्ति से नीति निर्माण और निर्णय प्रक्रिया प्रभावित होने की आशंका है।
जेडीए छत्तीसगढ़ ने मांग की है कि चिकित्सा शिक्षा विभाग के सभी तकनीकी एवं शीर्ष पदों पर चिकित्सा विशेषज्ञों को प्राथमिकता दी जाए, 7 जुलाई 2026 के नियुक्ति आदेश पर तत्काल पुनर्विचार कर उसे निरस्त किया जाए तथा भविष्य में ऐसे महत्वपूर्ण निर्णय लेने से पहले चिकित्सक संगठनों और विषय विशेषज्ञों से व्यापक चर्चा एवं परामर्श किया जाए।
एसोसिएशन ने कहा कि यदि इस विषय पर शीघ्र उचित निर्णय नहीं लिया गया तो जूनियर डॉक्टर्स एसोसिएशन छत्तीसगढ़ लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक माध्यमों से आगे की रणनीति तय करेगा।