रायपुर
रायपुर, 12 जुलाई। नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत के साथ ही प्रदेश के हजारों विद्यार्थियों का भविष्य जाति, निवास और आय प्रमाण पत्रों के लंबित होने के कारण अटक गया है।
छत्तीसगढ़ उर्दू अकादमी के अध्यक्ष इदरीस गांधी ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर इस गंभीर समस्या की ओर ध्यान आकर्षित किया है। पत्र में कहा गया है कि समय पर प्रमाण पत्र नहीं मिलने से छात्रों को स्कूल-कॉलेज में प्रवेश, छात्रवृत्ति, आरक्षण और अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में भारी परेशानी हो रही है। अध्यक्ष ने बताया कि कई जिलों में आवेदन महीनों से लंबित पड़े हैं। इसकी वजह से विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को तहसील कार्यालय और चॉइस सेंटरों के बार-बार चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। आर्थिक रूप से कमजोर और ग्रामीण क्षेत्रों के परिवार इस समस्या से सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं। पत्र में मांग की गई है कि मुख्यमंत्री सभी कलेक्टरों को निर्देशित करें कि लंबित आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निराकरण किया जाए। साथ ही जिन जिलों में प्रकरण अधिक हैं वहां विशेष अभियान चलाकर नियमित समीक्षा की जाए।
अकादमी ने उम्मीद जताई है कि विद्यार्थियों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए शासन इस मामले में तत्काल आवश्यक कार्रवाई करेगा।