रायपुर

बसों से गुड्स कैरियर हटाने का आदेश वापस लेने सरकार से आपरेटरों की मांग
11-Jul-2026 8:14 PM
बसों से गुड्स कैरियर हटाने का आदेश वापस लेने सरकार से आपरेटरों की मांग

साय सरकार को बदनाम कर रहे अफसर-पुसदकर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 11 जुलाई। बस ओनर्स फेडरेशन ऑफ छत्तीसगढ़ ने  साय सरकार से  बसों में कैरियर  हटाने के तुगलकी फरमान को तत्काल वापस लेने की मांग की है। अध्यक्ष अनिल पुसदकर ने कहा कि

छत्तीसगढ़ में यात्री परिवहन मुख्यत: सडक़ मार्ग पर आधारित है और छत्तीसगढ़ की यात्री परिवहन सेवा सुचारू और सुव्यवस्थित रूप से चल रही है। लेकिन ऐसा लगता है कि कुछ अफसर सेवा में अवरोध उत्पन्न कर साय सरकार को बदनाम करने की षड्यंत्र कर रहे है।विभाग द्वारा अचानक एक आदेश पारित कर माल ढोने के लिये लगे कैरियर को हटाने के लिए कहा गया है और ऐसा न करने पर उस गाडी का टैक्स लेने पर रोक लगा दी गई है और हैरानी की बात ये है कि आज टैक्स पटाने की अंतिम तारीख है। अगर बस मालिक टैक्स नहीं पटाते है तो गाड़ी नहीं चला पायेंगे और स्थिति में परिवहन सेवा पूरी तरह ठप पडऩे की आशंका है।जबकि नियमानुसार बसो पर कैरियर लगाया जा सकता है। छत्तीसगढ़ मोटरयान नियम 1994 के तहत प्रत्येक बस पर कैरियर लगाने का उल्लेख है और यात्री संख्या कम होने पर प्रत्येक यात्री के हिसाब से 75 किलोग्राम प्रति यात्री माल भी ढोया जा सकता है। पुसदकर ने कहा कि दुर्भाग्य की बात है सरकार को भरपुर राजस्व देने वाली बस सेवा को इस तरह बार-बार बाधित करने की कोशिश कुछ लोग कर रहे है। जो सरकार के लिये राजस्व हानि के अलावा बस सेवा ढप होने पर जनाक्रोश का भी कारण बन सकता है। ऐसा लगता पिछली सरकार में प्रभावशाली रहे कुछ अफसर अब भी अपने पुराने नेताओं के इशारें पर इस सरकार की लोकप्रियता को ठेस पहुंचाने की साजिश रच रहे है।  फेडरेशन के नवशरण सिंह गरचा, भावेश दुबे,अजय सिंह गिल ,नवप्रीत सिंह,मो हसन खां गुरमीत सिंह संधू ने आदेश तत्काल वापस लेने की मांग की है।


अन्य पोस्ट