रायपुर
ऑनलाइन क्लॉस करने लैपटॉप का झांसा देकर रकम वसूले
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 9 जुलाई। राजधानी के पंडरी इलाके में नौकरी दिलाने के नाम पर ऑनलाइन साइबर ठगी का मामला सामने आया है। बीबीए,एलएलबी की छात्रा जैनिशा भागवानी से अज्ञात साइबर ठगों ने ट्यूटर की नौकरी का झांसा देकर 44,676 रुपए ठग लिए। शिकायत पर पंडरी पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धारा 318(4) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अनंत विहार कॉलोनी स्थित सिमरन रेजीडेंसी, मोवा निवासी जैनिशा भागवानी ने बॉयजू में ट्यूटर पद के ऑनलाइन आवेदन किया था। आवेदन के बाद उसे फोन कर बताया गया कि उसका चयन हो गया है और पढ़ाने के लिए कंपनी की ओर से निशुल्क लैपटॉप दिया जाएगा। इसके लिए पहले 9,607 रुपए जमा करने को कहा गया। जिसे कॉल करने वाले ने बाद में वापस करने का भरोसा भी दिया गया।
रकम जमा होने के बाद ठगों ने दोबारा कॉल कर भुगतान में त्रुटि होना बताकर 9,660 रुपए दोबारा जमा करवाए। इसके बाद एनओसी के नाम पर 11,990 रुपए और फिर अन्य प्रकिया पूरी करने का बहाना बनाकर 11,919 रुपए और जमा करा लिए। इसके बाद आरोपी ने फिर कॉल कर पैसों की मांग की। तब जैनिशा ने ठगी होने का शक हाने पर पैसा देने से मना कर दिया।
इस प्रकार आरोपियों ने पांच अलग-अलग किश्तों में पैसे जमा करा लिए। शिकायत पर पंडरी पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफधारा 318(4) का अपराध दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस मोबाइल नम्बर और ट्रांसफर किए गए खातों की जानकारी लेकर आरोपियों की तलाश कर रही है।