रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 9 जुलाई। साप्रवि ने सचिवों की अंतर विभागीय समितियों के गठन को लेकर नए निर्देश दिए हैं। इसके मुताबिक अब विभाग अपनी मन मर्जी से ये समितियां गठित नहीं कर पाएंगे। उन्हें साप्रवि से अनुमति लेकर ही करना होगा। गठन भी जीएडी ही करेगा। सचिव अविनाश चंपावत ने आज सभी एसीएस पीएस और सचिवों को पत्र भेजकर इसके निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि
विभिन्न विभागों द्वारा अपनी विभागीय योजनाओं/परियोजनाओं के क्रियान्वयन और अंतर्विभागीय समन्वय हेतु अधिकारी स्तरीय अंतर्विभागीय समिति के गठन के प्रस्ताव सामान्य प्रशासन विभाग को प्रेषित किए जाते हैं। प्राय: यह देखा गया है कि इन प्रस्तावों में समिति के गठन का औचित्य, कार्यक्षेत्र, सदस्यों के विभाग का नाम तथा पदनाम स्पष्ट नहीं होती, जिससे न केवल नस्ती निस्तारण किये जाने में अनावश्यक विलंब होता है, बल्कि प्रशासनिक समन्वय में भी कठिनाई आती है।एकरूपता की दृष्टि से शासन द्वारा यह निर्णय लिया गया है कि राज्य स्तरीय समितियों के गठन के औपचारिक आदेश सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा ही जारी किए जाएंगे। विभाग ऐसी समितियों के गठन हेतु प्रशासकीय अनुमोदन प्राप्त कर, प्रकरण सामान्य प्रशासन विभाग को समिति गठन के आदेश प्रसारित करने के लिए भेजेंगे।
शासन द्वारा पूर्व में जारी समस्त निर्देशों को अधिक्रमित करते हुए, प्रशासनिक कार्यप्रणाली को सुव्यवस्थित और तीव्र बनाने के उद्देश्य से यह निर्देशित किया है।
गठन के लिए निम्न बिन्दुओं का पालन अनिवार्य :-
1. केवल राज्य स्तरीय अंतर्विभागीय समिति गठन के प्रस्ताव इस विभाग को ई-ऑफिस के माध्यम से प्रेषित किया जाए, जिसमें सचिव स्तर के अधिकारी नामित हो।
संभाग एवं जिला स्तरीय समिति गठन संबंधी प्रस्ताव प्रशासकीय विभाग द्वारा अनुमोदित किये जाएंगे।राज्य स्तरीय समिति की संरचना और कार्यक्षेत्र पर संबंधित विभाग के माननीय मंत्री जी का प्रशासकीय अनुमोदन प्राप्त किया जाए।
1. गठित की जाने वाली समिति में यदि किसी अशासकीय सदस्य को शामिल किया जाना है तो उसके मनोनयन के पूर्व प्रशासकीय विभाग द्वारा स्वयं समन्वय में माननीय मुख्यमंत्री का अनुमोदन प्राप्त किया जावे। माननीय मुख्यमंत्री के अनुमोदन के बिना समिति में अशासकीय सदस्यों का मनोनयन छत्तीसगढ़ शासन के कार्यपालिक नियम के भाग-चार के बिन्दु क्रमांक-एक (घघ) के विपरीत है।
ई-ऑफिस नस्ती में आदेश प्रारूप संलग्न किया जावे जिसमें अध्यक्ष, सदस्य सचिव तथा सदस्य विभागों के नाम (पदनाम सहित) का स्पष्ट उल्लेख हो।
समिति का गठन क्यों आवश्यक है एवं विभागीय कार्यदल गठित कर यह कार्य क्यों संभव नहीं है, इसका स्पष्ट उल्लेख हो तथा समिति के विशिष्ट कार्य, अधिकार और निर्णय लेने की सीमाएं स्पष्ट रूप से परिभाषित हों।
बोर्ड/निगम/मंडल/प्राधिकरण के गठन हेतु प्रस्ताव इस विभाग को प्रेषित न किया जाए।
जांच समिति एवं क्रय/वित्तीय संबंधी समिति का गठन सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा नहीं किया जाएगा, उक्त के संबंध में प्रशासकीय विभाग स्वयं प्रशासकीय अनुमोदन उपरांत समन्वय में अनुमोदन प्राप्त कर समिति गठन करेगा।
4/सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा प्रस्ताव का परीक्षण किया जाकर मुख्य सचिव जी के माध्यम से समन्वय में माननीय मुख्यमंत्री जी का अनुमोदन उपरान्त औपचारिक आदेश प्रसारित किया जाएगा।