रायपुर

अगले चार दिन बारिश के आसार, कई जिलों में गरज-चमक
09-Jul-2026 7:07 PM
अगले चार दिन बारिश के आसार, कई जिलों में गरज-चमक

'छत्तीसगढ़' संवाददाता

रायपुर, 9 जुलाई। छत्तीसगढ़ में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर शुरू हो गया है। मौसम विभाग ने अगले चार दिनों तक प्रदेशभर में बारिश की गतिविधियां जारी रहने का पूर्वानुमान जारी किया है। साथ ही उत्तर छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ वज्रपात की संभावना जताई है।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार एक साथ कई सक्रिय मौसमी प्रणालियों का प्रभाव बना हुआ है। उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश और उससे लगे दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश के ऊपर निम्न दबाव का क्षेत्र सक्रिय है। इसके साथ एक चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से लगभग 9.6 किलोमीटर की ऊंचाई तक विस्तारित है। उत्तर-पश्चिम राजस्थान से उत्तर-पूर्व बांग्लादेश तक फैली मानसूनी द्रोणिका झारखंड और उत्तरी गंगीय पश्चिम बंगाल से होकर गुजर रही है। वहीं, उत्तर-पूर्व अरब सागर से सिक्किम तक फैली एक अन्य द्रोणिका भी मौसम को प्रभावित कर रही है। इन सभी मौसमी प्रणालियों के संयुक्त प्रभाव से प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक अच्छी बारिश होने की संभावना बनी हुई है। मौसम विभाग ने गुरूवार देर शाम रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, कोरिया, कोरबा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, जशपुर, रायगढ़, जांजगीर-चांपा, मुंगेली, कबीरधाम, बेमेतरा, राजनांदगांव और कांकेर सहित कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।


अन्य पोस्ट