रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 8 जुलाई। निगम सभापति सूर्यकांत राठौड़ और आयुक्त संबित मिश्रा ने राजस्व विभाग के उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों का सम्मान किया । समारोह में राजस्व विभाग के अध्यक्ष अवतार सिंह बागल, अपर आयुक्त, उपायुक्त, वरिष्ठ अधिकारी,कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। इससे पहले राजस्व विभाग की उपलब्धियों पर अपर आयुक्त राजस्व एवं रंजीत रंजन ने विस्तृत प्रस्तुति में बताया कि निगम ने जीआईएस आधारित ऑनलाइन संपत्तिकर प्रणाली कोलागू किया । ड्रोन आधारित जीआईएस सर्वेक्षण के माध्यम से पूरे शहर का वैज्ञानिक मानचित्रण, प्रत्येक संपत्ति को यूनिक आईडी दी गई। लगभग 2.80 लाख डिजिटल डोर नंबर लगाए गए। इसके साथ ही क्यूआर आधारित ऑनलाइन भुगतान, यूपीआई, नेट बैंकिंग, आरटीजीएस, एनईएफटी, बीबीपीएस, ‘मोर रायपुर’ मोबाइल ऐप एवं 24म7 ऑनलाइन सेवाओं के माध्यम से डिजिटल कर भुगतान की सुविधा उपलब्ध कराई गई। प्रस्तुति में यह भी बताया गया कि ऑनलाइन कर निर्धारण की प्रक्रिया 48 घंटे से घटकर लगभग 2 मिनट तथा कर चक्र 60 दिनों से घटकर एक दिन तक पहुंच गया है।
सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले जोन की श्रेणी में प्रथम स्थान पर जोन-5 (खीरसागर नायक एवं टीम), द्वितीय स्थान पर जोन-6 ( हितेंद्र यादव एवं टीम) तथा तृतीय स्थान पर जोन-1 ( अंशुल शर्मा सीनियर एवं टीम) को सम्मानित किया गया। इसी प्रकार सर्वश्रेष्ठ सहायक राजस्व अधिकारी टीम, राजस्व निरीक्षक, राजस्व उपनिरीक्षक, सहायक राजस्व निरीक्षक प्रत्येक जोन के उत्कृष्ट सहायक राजस्व निरीक्षक, बाजार टीम, आईटी टीम, जीआईएस टीम, बैंकिंग सहयोगी संस्थाओं तथा अन्य उत्कृष्ट योगदान देने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भी प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान यह भी बताया गया कि विभाग ने विगत वर्षों में लगभग 1.90 लाख पुराने अभिलेखों का डिजिटलीकरण, लगभग 2.90 लाख संपत्तियों का डोर-टू-डोर सर्वेक्षण, 54 लेयर युक्त जीआईएस बेस मैप का निर्माण, ऑनलाइन नामांतरण प्रणाली, रियल टाइम टैक्स कैलकुलेशन, डिजिटल भुगतान प्रणाली, 24म7 हेल्पडेस्क, चॉइस सेंटर एवं बीबीपीएस के माध्यम से भुगतान सुविधा तथा भवन परिवर्तन जैसी आधुनिक तकनीकों का सफल उपयोग शामिल है। इन नवाचारों के परिणाम स्वरूप संपत्ति कर प्रशासन अधिक पारदर्शी, वैज्ञानिक एवं प्रभावी हुआ है तथा नगर निगम की वित्तीय स्थिति लगातार मजबूत हुई है।
अंत में अपर आयुक्त ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया ।