रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 7 जुलाई। राजधानी में बीते दिनों चार अलग-अलग जगहों पर चोरी की वारदात सामने आई है। अज्ञात चोर ने सूने मकानों के ताले तोडक़र वहां से पौने दो लाख का जवर, नगदी और सामान चोरी कर लिए। वहीं, एक अन्य मामले में एक निर्माणाधीन अस्पताल से काम करने आए मजदूर को बिजली के तार चोरी करते रंगे हाथ पकड़ा गया। आसपास के लोगों ने चोर को पुलिस के हवाले किया। मामलों में पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
आजाद चौक पुलिस के मुताबिक शिव नगर हांडीपारा शीतला मंदिर निवासी कांति ने आजाद चौक में रिपोर्ट दर्ज कराई है। उसने पुलिस को बताया कि वह झाडू पोंछा का काम करती है। 5 जुलाई को वह अपने परिवार के साथ रिस्तेदार के यहां ग्राम नकटी में छठी कायक्रम में शामिल होने गई थीं। रात हो जाने के कारण वहीं रूक गई। जो दूसरे दिन 6 जुलाई की सुबह घर लौटीं तो देखा कि मेन गेट में लगा ताला टूटा हुआ था। दरवाजा अंदर से बंद था। तब कांति और परिवार के लोगों ने मकान के पीछे के रास्ते से घर के भीतर जाने पर अलमारी का लॉकर टूटा हुआ मिला। घर का सारा सामान भी बिखरा पड़ा था। लॉकर में रखे सोने-चांदी के जेवरात नहीं थे। चोरी गए सामान की कीमत 85 हजार बताई गई है। घटना की जानकारी उसने पड़ोसियों को दी। जिसके बाद उसने आजाद चौक थाना जाकर चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
उधर खम्हारडीह के एक किराए के मकान से 85 हजार रुपए पार हो गए। शंकर नगर सेक्टर-2 निवासी प्रशांत ने बताया कि वह अशोक लीलैंड, कुम्हारी में कैशियर हैं और किराए के मकान में रहता हैं। मकान खाली करने की तैयारी के चलते उनके दामाद मसाला पैकेजिंग का सामान वहां शिफ्ट कर रहे थे। 4 जुलाई को ड्यूटी से रात में लौटने पर उन्होंने देखा कि कमरे का ताला और कुंडी उखड़ी हुई थी। अंदर रखे अलमारी की जांच करने पर लॉकर के नीचे प्लास्टिक के डिब्बे में रखे 85 हजार रुपए नकद गायब थे। आसपास पता तलाश करने पर भी कोई जानकारी नहीं हुई। कोई अज्ञात चोर कमरे की कुंडी तोड़ वहां से नगदी चुरा ले गया।
इधर अभनपुर पुलिस को ग्राम पचेड़ा निवासी मनोज कुमार मिश्रा ने बताया कि 28 जून की शाम वह घर में ताला लगाकर राशन लेने नवा रायपुर गया था। करीब एक घंटे बाद लौटने पर घर का ताला टूटा मिला। अंदर अलमारी का लॉक और लॉकर भी टूटा हुआ था। लॉकर में रखे दो चांदी के सिक्के, जिनकी कीमत 8 हजार रूपए चोरी हो चुके थे। घर और आसपास तलाश के बाद भी आरोपियों का पता नहीं चला।
निर्माणाधीन अस्पताल में चोरी करता मजदूर पकड़ाया
देवेन्द्र नगर स्थित निर्माणाधीन आर्टेमिस शांति अस्पताल में काम करने वाले मजदूर सौरभ गौतम को अस्पताल के गार्ड दिनेश ने बिजली के तार चोरी करते पकड़ लिया। अस्पताल संचालक तनमय अग्रवाल के अनुसार आरोपी अस्पताल की दूसरी मंजिल से करीब दो किलो वजन के बिजली के तार, जिनकी कीमत 3 हजार रुपए है, काटकर अपने शरीर में छिपाकर ले जा रहा था। पूछताछ में आरोपी ने तार बेचने की नीयत से चोरी करना स्वीकार किया। इसके बाद उसे चोरी के सामान सहित पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। वहीं मामले में पकड़े गए आरोपी से पूछताछ की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह पहले भी ऐसी वारदातों में शामिल रहा है या नहीं।