रायपुर
व्हाट्सएप कालिंग कर 45 मिनट में चार ट्रांजेक्शन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 7 जुलाई। रेलवे टिकट बुक कराने के नाम पर एक व्यक्ति से 2 लाख 17 हजार रुपये की ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है। मुजगहन थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
राकेश कुमार शुक्ला, निवासी हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी खिलोरा ने शिकायत दर्ज कराई है कि 3 जुलाई की सुबह वह ऑनलाइन रेलवे टिकट बुक करने का प्रयास कर रहा था। इसके लिए उसने गूगल पर आईआसीटीसी का वेबसाइट सर्च किया था। जिसमें उसके मोबाइल पर टिकट बुक करने एक मोबाइल नंबर दिखाई दिया। उन्होंने उस नंबर पर संपर्क किया तो फोन उठाने वाले व्यक्ति ने खुद कस्टमर केयर का होना बताकर टिकट बुकिंग में सहायता करने की बात कही, जिसके बाद उसने दूसरे नंबर से संपर्क किया।
इसके बाद आरोपी ने व्हाट्सएप कॉल कर राकेश से 45 मिनट तक बातचीत करते हुए ऑनलाइन प्रक्रियाएं करवाता रहा। इस दौरान आरोपी ने उनके बैंक खाते से चार अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए रकम निकाल लिए। पहली बार 90 हजार रुपए, दूसरी बार 8 हजार , और फिर 29 और 90 हजार रुपए खाते से ट्रांसफर किए गए। इस तरह आरोपी ने उसके खाता से 2 लाख 17 हजार रुपए निकाल कर साइवर ठगी कर दी।
यह जानकारी राकेश को फोन कटने के बाद बैंक से आए मैसेज को देखने पर हुआ। ठगी होने के शक में उसने इसकी शिकायत साइबर सेल में की। जिसके बाद मुजगहन थाना जाकर लिखिल शिकायत दर्ज कराया गया। मुजगहन पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ 318-4, 66 डी का अपराध दर्ज किया गया। पुलिस ट्रांजेक्शन से जुड़े बैंक खातों, यूपीआई आईडी और मोबाइल नंबर से आरोपी की तलाश कर रही है।