रायपुर

7 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी, रायपुर में भी अलर्ट
07-Jul-2026 6:38 PM
7 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी, रायपुर में भी अलर्ट

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 7 जुलाई। राजधानी रायपुर सहित प्रदेश के जिलों में पिछले कई दिनों से रुक-रुककर बारिश का सिलसिला जारी है। लगातार हो रही बारिश से राजधानी की जीवनदायनी नदी खारून का जल स्तर भी बढ़ रहा है। इस वजह से नदी में चलने वाले पर्यटक नावों को किनारे करने के आदेश दिए हैं।  इस बीच भारत मौसम विभाग ने मंगलवार के लिए प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।

मौसम विभाग ने महासमुंद, कोरबा, बिलासपुर, रायगढ़, सरगुजा, सूरजपुर और कबीरधाम जिलों में एक-दो स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं राजधानी रायपुर और बलरामपुर जिले के लिए भी बारिश का आरेंज अलर्ट जारी किया गया है। अगले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ जगहों पर गरज-चमक और तेज हवाएं चल सकती हैं।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार बंगाल की खाड़ी और आसपास बने मौसमी सिस्टम के प्रभाव से प्रदेश में मानसून की गतिविधियां  मजबूत बनी हुई हैं। इसके चलते आने वाले दिनों में भी कई जिलों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।

हरदीडीह एनीकट का एक हिस्सा टूटा

लगातार हो रही बारिश के बीच महानदी पर बना हरदीडीह एनीकट टूट गया है।  इस एनीकट के क्षतिग्रस्त होने से इसके आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों का आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया है।  निसदा डेम के 10 तथा समोदा डेम के 23 गेट खोले गए थे। इन डेम के गेट खोले जाने के बाद महानदी में पानी का बहाव अचानक काफी तेज हो गया और पानी तेजी से हरदीडीह एनीकट की तरफ बढ़ा। इस घटना को लेकर ग्रामीणों का आरोप है कि पानी का बहाव तेज होने के बावजूद हरदीडीह एनीकट के केवल दो गेट ही खोले गए थे। सभी गेट नहीं खोलने से एनीकट पर पानी का दबाव अत्यधिक बढ़ गया। दबाव इतना ज्यादा था कि तेज बहाव में एनीकट का एक हिस्सा टूटकर बह गया। समोदा नगर पंचायत के अध्यक्ष छोटेलाल सोनकर ने  जांच करा लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदारों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने  कहा है।

 

अब तक 241.7 मिमी औसत वर्षा दर्ज, सामान्य के बेहद करीब पहुँचा आंकड़ा

 राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा जारी ताजा आंकड़ों के अनुसार 1 जून से लेकर आज तक की स्थिति में प्रदेश में कुल 241.7 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की जा चुकी है। यह आंकड़ा पिछले 10 वर्षों की इसी अवधि की औसत वर्षा (252.7 मिमी) का 95.6 प्रतिशत है, जो यह दर्शाता है कि राज्य में मानसून की स्थिति पूरी तरह सामान्य और संतोषजनक बनी हुई है। 6 जुलाई तक राज्य में औसतन 22.4 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। चौबीस घंटों के भीतर सबसे ज्यादा वर्षा बलरामपुर में 67.6 मिमी, कोरबा में 54.9 मिमी, रायपुर में 45.3 मिमी और सूरजपुर में 42.8 मिमी दर्ज की गई। इसके विपरीत, बस्तर संभाग के सुकमा (0.4 मिमी) और दंतेवाड़ा (0.8 मिमी) में आज कम बारिश हुई।  सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिला 213.3 प्रतिशत वर्षा के साथ पूरे प्रदेश में सबसे आगे है, जहाँ अब तक 453.3 मिमी बारिश हो चुकी है। इसके अलावा राजधानी रायपुर (136.9 प्रतिशत), सक्ती (134.7 प्रतिशत), दंतेवाड़ा (129.2 प्रतिशत), दुर्ग (126.6 प्रतिशत) और बलरामपुर (126.3प्रतिशत) में भी सामान्य से काफी अधिक बारिश दर्ज की गई है। इसी तरह बिलासपुर में 86.1 प्रतिशत, जांजगीर-चांपा में 101 प्रतिशत, बेमेतरा में 93.2 प्रतिशतऔर नारायणपुर में 91.8त्न सहित कई जिले में वर्षा संतोषजनक बने हुए हैं।


अन्य पोस्ट