रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 7 जुलाई। चंगोराभाठा में सप्ताहिक बाजार में सब्जी खरीदने गए युवक से कुछ अज्ञात लडक़ों ने लूट की घटना को अंजाम दिया है। बाइक सवार दो लडक़ों ने लक्की यादव के साथ जबरन मारपीट कर उसके गले में पहने चांदी की चेन मोबाइल लूट ली। घटना के बाद लक्की ने डीडी नगर थाना जाकर इसकी शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ 309 का अपराध दर्ज किया है। इससे पहले भी सप्ताहिक बाजार के दौरान इलाके में चेन स्नेचिंग, पाकिटमारी जैसी वारदातें हुई है। जहां बाजार में खरीदारी करने आए लोगों के साथ घटनाएं हुई।
श्रीराम नगर, चंगोराभाठा निवासी लक्की यादव ने बताया कि वह 5 जुलाई की शाम सब्जी खरीदने चंगोराभाठा बाजार गया था। शाम 7.30 बजे वह बाबा चौक के पास पहुंचा था। इसी दौरान स्कूटी सवार दो अज्ञात युवक उसके पास पास आए और बिना किसी बात के हाथ-मुक्कों से मारपीट शुरू कर दी।
मारपीट के दौरान आरोपियों ने उसके गले में पहनी चांदी की चेन छीन ली और जेब में रखा मोबाइल भी जबरन निकाल लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
लक्की ने बताया कि घटना रात के समय और भीड़भाड़ वाले इलाके में हुई, जिससे वह स्कूटी का नंबर नहीं देख सका। घर पहुंचकर उसने घटना की जानकारी अपने पिता को दी।जिसके बाद दोनों ने डीडीनगर थाना जाकर शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ लूट का मामला दर्ज कर घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। साथ ही फरार आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।