रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 7 जुलाई। सहकारिता मंत्रालय की स्थापना के सफल 5 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित सहकारी सप्ताह का भव्य समापन जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक रायपुर के प्रांगण में हुआ। ?समारोह के दौरान देश के गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने यूट्यूब चैनल से सीधे प्रसारण में अपने संबोधन में कहा कि इन 5 वर्ष में सहकारिता के क्षेत्र में क्रांतिकारी बदलाव किए गए हैं। इनमें 50,000 पैक्स को ई-पैक्स में बदलना,त्रिभुवन सहकारिता विश्वविद्यालय की स्थापना,?दुनिया की सबसे बड़ी अन्न गोदाम श्रृंखला का निर्माण,?सहकारी समितियों को कॉमन सर्विस सेंटर बनाना और देश भर में भारत टैक्सी सेवा की शुरुआत आदि कार्य शामिल हैं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए बैंक के अध्यक्ष निरंजन सिन्हा ने आभार व्यक्त किया, वहीं उपाध्यक्ष अभिनेष कश्यप ने धन्यवाद ज्ञापन किया।
इस भव्य समारोह में जिला सहकारी बैंक दुर्ग के अध्यक्ष प्रीतपाल बेलचंदन, राजनांदगांव के अध्यक्ष सचिन बघेल, सहकारिता प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष प्रवीण दुबे, जिला पंचायत रायपुर के अध्यक्ष नवीन अग्रवाल, उपाध्यक्ष संदीप यदु सहित सहकारिता विभाग की संयुक्त आयुक्त श्रीमती किरण गुप्ता, अपेक्स बैंक के प्रबंध संचालक के.एन. कांडे और बड़ी संख्या में सहकारी संस्थाओं के अधिकारी व जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन श्रीमती अनुराधा शुक्ला और आभार प्रदर्शन बैंक के वरिष्ठ अधिकारी एस.पी. चंद्राकर ने किया ।