रायपुर

जन-जन के मन में अमर रहेंगी तीजन बाई सर्व समाज संगठन ने दी श्रद्धांजलि
07-Jul-2026 4:37 PM
जन-जन के मन में अमर रहेंगी तीजन बाई  सर्व समाज संगठन ने दी श्रद्धांजलि

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अभनपुर, 7 जुलाई। छत्तीसगढ़ की पारंपरिक लोक गायन शैली पंडवानी को वैश्विक पटल पर स्थापित करने वाली देश की प्रतिष्ठित कलाकार, पद्म विभूषण तीजन बाई के निधन पर क्षेत्र में गहरा शोक व्याप्त है। सर्व समाज संगठन के जिला अध्यक्ष नारायण सोनी ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए छत्तीसगढ़ के सांस्कृतिक इतिहास में उनके योगदान को अविस्मरणीय बताया है।

तीजन बाई को याद करते हुए सर्व समाज संगठन के जिला अध्यक्ष नारायण सोनी ने कहा-पद्म विभूषण तीजन बाई ने अनूठी गायन शैली से पंडवानी को गांवों की चौपाल से निकालकर अंतरराष्ट्रीय मंचों तक पहुँचाया। उन्होंने छत्तीसगढ़ प्रदेश की लोक कला को समूचे विश्व में बिखेरा और राज्य को एक नई पहचान दिलाई। ऐसी महान विभूतियां सदियों में एक बार ही प्रकट होती हैं।

उन्होंने आगे कहा कि छत्तीसगढ़ के मान-सम्मान को वैश्विक स्तर पर बढ़ाने वाली प्रखर विदुषी और वीरांगना तीजन बाई को पूरा समाज श्रद्धापूर्वक नमन करता है।

संगठन की ओर से नारायण सोनी ने शासन-प्रशासन से विशेष अनुरोध किया है कि तीजन बाई की स्मृति को चिरकाल तक बनाए रखने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं। उन्होंने मांग की है कि  प्रदेश के किसी प्रमुख शैक्षणिक संस्थान, विश्वविद्यालय या सांस्कृतिक केंद्र का नामकरण तीजन बाई के नाम पर किया जाए।

उनके जीवन और लोक कला के सफर को सहेजने के लिए विशेष प्रयास हों, ताकि आने वाली पीढ़ी भी उनकी कला, संघर्ष और छत्तीसगढ़ के प्रति उनके योगदान को सदैव याद रख सके।

तीजन बाई के निधन पर अभनपुर सहित पूरे क्षेत्र के कला प्रेमियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और प्रबुद्ध नागरिकों ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की है।


अन्य पोस्ट