रायपुर

खराब मौसम: इंडिगो का एयरबस डायवर्ट, माना में लैंडिंग नहीं हो सकी
06-Jul-2026 7:57 PM
खराब मौसम: इंडिगो का एयरबस डायवर्ट, माना में लैंडिंग नहीं हो सकी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 6 जुलाई। बीते दो दिनों से राजधानी और आसपास खराब मौसम का असर हवाई सेवाओं पर भी देखने को मिल रहा है। मुंबई से रायपुर आ रही इंडिगो की एक एयरबस को माना एयरपोर्ट पर लैंडिंग नहीं हो पाने के कारण हैदराबाद डायवर्ट करना पड़ा।

मिली जानकारी के मुताबिक दोपहर करीब ढाई बजे माना एयरपोर्ट पर उतरने वाली इंडिगो की एयरबस निर्धारित समय पर रायपुर पहुंची थी। माना एयरपोर्ट के रडार क्षेत्र में प्रवेश करने के बाद खराब मौसम की सूचना मिलने पर पायलट ने मौसम में सुधार की उम्मीद में कुछ समय तक विमान को हवा में ही होल्ड (वेटिंग फ्लाइंग) कराया। करीब 10-15 मिनट तक इंतजार करने के बाद भी दृश्यता में सुधार नहीं होने पर पायलट ने विमान को हैदराबाद डायवर्ट करने का निर्णय लिया।

बताया गया है कि माना हवाई पट्टी के आसपास दृश्यता काफी कम थी। विमान में सवार कुछ यात्रियों ने रायपुर में लैंडिंग के प्रयास के दौरान आसमान में हुई हलचल के कारण घबराहट होने की भी बात कही। यात्रियों के अनुसार, हैदराबाद में सुरक्षित लैंडिंग के बाद इंडिगो ने जानकारी दी कि एयरबस को वापस मुंबई ले जाया जाएगा और वहां से यात्रियों को रायपुर भेजा जाएगा।

इधर, माना एयरपोर्ट के अधिकारियों का कहना है कि यहां दृश्यता को लेकर कोई दिक्कत नहीं है। उनके अनुसार, आज सभी उड़ानें निर्धारित समय पर संचालित हो रही हैं। केवल इंडिगो की यह दोपहर वाली मुंबई-रायपुर उड़ान ही विलंबित बताई जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि मौसम संबंधी समस्या मुंबई की ओर हो सकती है।


अन्य पोस्ट