रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 6 जुलाई। पूर्व केन्द्रीय मन्त्री डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी का जयन्ती पर सोमवार को शारदा चौक स्थित उनकी प्रतिमा स्थल पर निगम के संस्कृति विभाग ने पुष्पांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया। इसमें में वन मन्त्री केदार कश्यप, विधायक सुनील सोनी, विधायक राजेश मूणत, पुरंदर मिश्रा, निगम सभापति सूर्यकान्त राठौड़, वक्फ बोर्ड अध्यक्ष डा सलीम राज, नान अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव, शहर भाजपा अध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर, संस्कृति विभाग के अध्यक्ष अमर गिदवानी, पूर्व पार्षद जयन्ती भाई पटेल सहित गणमान्यजनों, सामाजिक कार्यकर्त्ताओं ने सादर नमन किया।
मुखर्जी के आदर्श मार्गदर्शन करते रहेंगे - साय
सीएम विष्णु देव साय ने भी मुख्यमंत्री निवास में उनके छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर डॉ. मुखर्जी को नमन किया। साय ने कहा डॉ. मुखर्जी का संपूर्ण जीवन राष्ट्र की एकता, अखंडता, सांस्कृतिक अस्मिता और राष्ट्रीय स्वाभिमान के लिए समर्पित रहा। उनके आदर्श और विचार विकसित, सशक्त एवं अखंड भारत के निर्माण की दिशा में सदैव हमारा मार्गदर्शन करते रहेंगे। प्रखर राष्ट्रवादी नेता एवं महान शिक्षाविद् डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती पर आज लोक भवन में राज्यपाल रमेन डेका और लोक भवन के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी ने उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी।