रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अभनपुर, 6 जुलाई। छत्तीसगढ़ सर्व समाज संगठन, रायपुर संभाग के तत्वावधान में सम्मान समारोह का आयोजन रविवार को सुबह 1 से दोपहर 3 बजे तक धीवर सामाजिक भवन अभनपुर में सम्पन्न हुआ।
इस समारोह में अभनपुर क्षेत्र के 40 विभिन्न समाजों के समाज प्रमुखों का उनके सामाजिक योगदान एवं समाज सेवा के लिए विधायक इंद्र कुमार साहू के करकमलों से सम्मान किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विधायक इंद्र कुमार साहू ने कहा कि आज छोटे-छोटे रूप में समाज बंटा हुआ है, उसके लिए सर्व समाज जैसे संगठन की आवश्यकता है। मैं भी एक समाज में काम करता था, आज जनता ने मुझे इस पद पर चुना है। सर्व समाज सभी समाज को लेकर काम कर रहा है ,जो कि बहुत ही सराहनीय प्रयास है। हम सबको मिलजुल कर कार्य करना चाहिए। समाज में राजनीति नहीं होना चाहिए। राजनीति में समाज की हिस्सेदारी होना चाहिए। संभाग अध्यक्ष ईश्वर पटेल जिला अध्यक्ष रायपुर नारायण सोनी ने भी सर्व समाज को संबोधित किया। अति विशिष्ट अतिथि के रूप में साहू समाज के जिला अध्यक्ष हीरामन साहू, जनपद सभापति ब्रह्मानंद साहू की गरिमामयी उपस्थिति रही।
पर्यावरण संरक्षण एवं वृक्षारोपण अभियान को जन-जन तक पहुँचाने के लिए समारोह में उपस्थित सभी समाज प्रमुखों, अतिथियों, गणमान्य नागरिकों एवं संस्था के पदाधिकारियों एवं सदस्यों को पौधों का वितरण किया गया, साथ ही सभी से अपने-अपने क्षेत्र में अधिक से अधिक वृक्षारोपण एवं पौधों के संरक्षण का संकल्प लिया गया। छत्तीसगढ़ सर्व समाज संगठन, रायपुर संभाग अध्यक्ष ईश्वर पटेल, रायपुर जिला अध्यक्ष नारायण सोनी, फतीश साहू, हेमलाल ध्रुव, वेदव्यास तारक, टिकेंद्र सिंह ठाकुर, डॉ. वायके साहू, यश साहू, पंकज साहू उपजीत सचदेवा,अनिल अग्रवाल ,शंकर सेन, टिकेंद्र बघेल, तरूण साहू, टुभनपाल, धर्मेंद्र पटेल, बिंदेश्वर झा, राजेश शुक्ला ,सहित कई समाज प्रमुखों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, प्रबुद्ध नागरिकगण शामिल हुए।
कार्यक्रम का संचालन शिक्षक गोपेश साहू ने किया।