रायपुर
गोगांव से भाठागांव तक जलमग्न शहर
मूसलाधार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त, दोपहर तक लोग निकालने में लगे रहे
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 5 जुलाई। राजधानी में शनिवार दोपहर से शुरू हुई मूसलाधार बारिश रविवार सुबह तक लगातार जारी रही। तेज बारिश के चलते शहर के कई हिस्सों में जलभराव हो गया। निचली बस्तियों और कॉलोनियों के घरों से लेकर सडक़ें, अंडरब्रिज तक पानी से लबालब भर गए। नालों का गंदा पानी कई घरों में घुस गया। इससे घरों में रखा सामान भी पानी में डूब गया और लोगों को रात भर परेशानी का सामना करना पड़ा। रात गुल हुई बिजली रविवार पूर्वाह्न तक नहीं लौटी। निगम और जिला प्रशासन के बाढ़ नियंत्रण अमले का अता पता नहीं रहा।
इस बीच टाटीबंध, लाखेनगर, अश्वनी नगर, कुशालपुर, तुलसी नगर, बंजारी नगर, प्रोफेसर कॉलोनी, भनपुरी , गोगांव,दलदल सिवनी, मोवा, खम्हारडीह, देवेन्द्र नगर, गुढिय़ारी, राजातालाब, रवि नगर,अम्लीडीह, महावीर नगर सहित शहर के कई मुख्य मार्गों पर जलभराव की स्थिति देखने को मिली। घरों के भीतर पलंग तक पानी डूबे हुए हैं। लोगों ने रतजगा कर पानी फेंकने का काम किया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के दौरान इन इलाकों में जलभराव होना अब आम बात बन गई है। नालियों और नालों की नियमित सफाई नहीं होने के कारण हर साल ऐसी स्थिति बनी रहती है। लोगों ने बताया कि करीब एक माह पहले ही नाले की सफाई और चौड़ीकरण का कार्य किया गया था, लेकिन इसके बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है।
सफाई में खर्च 7 करोड़
ऐसे ही जलभराव से बचने निगम ने इस वर्ष अब तक 7 करोड़ रुपए सफाई कार्य में खर्च किए हैं। उसके बाद भी शहर की ऐसी हालत समझ से परे हैं। अभी जून में ही मेयर मीनल चौबे ने सभी जोन कमिश्नर, सफाई स्वास्थ्य अमले की बैठक लेकर समय रहते सफाई करने और उसके बाद जलभराव होने पर जेसी पर कार्रवाई की चेतावनी दी थी। किंतु आज दोपहर तक किसी पर भी कार्रवाई नहीं की जा सकी है। कल सोमवार को सामान्य सभा की विशेष बैठक के एजेंडे में भी सफाई जलभराव के विषय हैं देखना होगा कि कल मेयर, और स्वास्थ्य विभाग की अध्यक्ष अपनी सफाई में क्या कहती हैं।
रेलवे की भी पोल खुली
शनिवार को मानसून की पहली तेज बारिश में ही बदहाल नजर आया। शाम करीब 5 बजे हुई जोरदार बारिश के दौरान प्लेटफॉर्म नंबर-1 के शेड से पानी झरने की तरह नीचे गिरने लगा। छत के नीचे खड़े यात्री भी भीगने लगे, जिससे प्लेटफॉर्म पर अफरा-तफरी मच गई। बारिश से बचने के लिए ट्रेन का इंतजार कर रहे यात्री अपना सामान उठाकर सूखी जगह की तलाश में इधर-उधर भागते रहे। प्लेटफॉर्म पर पानी भरने और लगातार टपकते पानी की वजह से लोगों को चलने में भी परेशानी हुई। हैरानी की बात यह रही कि कुछ देर की बारिश में ही स्टेशन की यह स्थिति सामने आ गई। स्टेशन पर मौजूद कई यात्रियों ने शेड से गिरते पानी और अव्यवस्था का वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड किया। ये वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।इस पर खेद जताते हुए दपूमरे रायपुर मंडल ने एक्स पोस्ट में कहा कि यह ड्रेनेज सिस्टम के ओवरफ्लो होने से यह स्थिति आई। हमने संबंधित पर कार्रवाई और सुधार कार्य शुरू कर दिया है।
दूसरी ओर बारिश का असर गुढिय़ारी अंडरब्रिज में भी देखने को मिला। अंडरब्रिज में पानी भर जाने से रेलवे स्टेशन आने-जाने वाले लोगों को काफी परेशानी हुई। शाम से लेकर रात तक यहां यातायात प्रभावित रहा और लोगों को दूसरे रास्तों से होकर जाना पड़ा। इसे भी रेलवे ने जून में पखवाड़े भर बंद कर शेड आदि बनाया था।