रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 5 जुलाई। जल भराव की विकट समस्या के बीच क्षनिगम सभापति सूर्यकांत राठौड के आदेशानुसार कल सोमवार को सामान्य सभा का विशेष सम्मिलन प्रात: 11 बजे नगर मुख्यालय भवन के सभागार में आहूत किया गया है।
इस बैठक में रायपुर शहर की ज्वलंत समस्याओं जनहित से जुडे महत्वपूर्ण विषयों पर जल संबंधी, अवैध प्लाटिंग एवं निर्माण, अतिक्रमण तथा सफाई के संबंध में चर्चा की जायेगी। इस बैठक में नव मनोनीत 11 एल्डरमैन भी शामिल होंगे। राठौड़ ने दोनों दलों के पार्षदों की बैठक लेकर सभा में चर्चा के दौरान किसी तरह की व्यक्तिगत टिप्पणी आरोप न लगाने के निर्देश दिए हैं। इस बीच महापौर मीनल चौबे ने बारिश से उत्पन्न स्थिति को लेकर सभी जोन कमिश्नरों, कार्यपालन अभियंताओं, जोन स्वास्थ्य अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। चौबे ने कहा कि बाढ़ नियंत्रण प्रकोष्ठ एवं सभी 10 जोनों का अमला विशेष सतर्कता एवं जागरूकता बरतें । कार्यालय में एसी रूम में ना बैठकर फील्ड में जाकर सुनिश्चित करें कि जल का भराव होने की सूचना मिलते ही वहाँ तत्काल टीम भेजी जाये और तुरंत आवश्यक सफाई करवाकर जल की सुगम निकासी की व्यवस्था करें।