रायपुर

डॉक्टर और सीए अपनी की भूमिका इमानदारी से निभाएं- डेका
05-Jul-2026 8:42 PM
डॉक्टर और सीए अपनी की भूमिका इमानदारी से निभाएं- डेका

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 5 जुलाई। राज्यपाल  रमेन डेका ने शनिवार को महाराष्ट्र मंडल,  द्वारा आयोजित समारोह में समाज के युवा डॉक्टरों एवं चार्टर्ड अकाउंटेंट्स (सीए)को सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने लोक भवन की ओर से महाराष्ट्र मंडल को प्रदत्त एंबुलेंस का लोकार्पण भी किया।

अपने संबोधन में राज्यपाल ने कहा कि डॉक्टर और चार्टर्ड अकाउंटेंट दोनों ही समाज के विकास और प्रगति के महत्वपूर्ण आधार हैं। चिकित्सा एक नोबल व्यवसाय है,  मरीज डॉक्टर को भगवान का स्वरूप मानता है, इसलिए चिकित्सकों की जिम्मेदारी अत्यंत गंभीर है। कठिन परिश्रम और अपने अभिभावकों के सहयोग से डॉक्टर बनने वाले युवाओं को सेवा भावना के साथ कार्य करना चाहिए।

डेका  ने चिकित्सकों से कहा कि आधुनिक जांच रिपोर्टों के आधार पर उपचार आवश्यक है, लेकिन मरीज का प्रत्यक्ष परीक्षण और उससे आत्मीय संवाद भी उतना ही महत्वपूर्ण है। इससे मरीज को मानसिक संतोष मिलता है और चिकित्सक के प्रति उसका विश्वास मजबूत होता है। उन्होंने विशेष रूप से बुजुर्ग मरीजों के प्रति संवेदनशील, सहानुभूतिपूर्ण और मानवीय व्यवहार अपनाने की सलाह दी।

सीए की भूमिका पर राज्यपाल ने कहा कि आज उनके कार्य का दायरा काफी व्यापक हो गया है। वे केवल लेखा-जोखा तक सीमित नहीं हैं, बल्कि व्यवसायियों के मार्गदर्शक और मेंटर की भूमिका भी निभाते हैं। व्यवसाय का विस्तार कैसे किया जाए, स्टार्टअप कैसे स्थापित किया जाए तथा शासन की विभिन्न योजनाओं का अधिकतम लाभ कैसे प्राप्त किया जाए, इसमें चार्टर्ड अकाउंटेंट महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान करते हैं।

कार्यक्रम में महाराष्ट्र मंडल के अध्यक्ष अजय मधुकर काले ने स्वागत भाषण दिया। इस अवसर पर मंडल के पदाधिकारी,  वरिष्ठजन, महिलाएं, युवा  तथा बड़ी संख्या में समाज के सदस्य उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट