रायपुर

नकटी के ग्रामीणों को उसी गांव में पुनर्वास के तहत ज़मीन दे सरकार-आप
04-Jul-2026 6:44 PM
नकटी के ग्रामीणों को उसी गांव में पुनर्वास के तहत ज़मीन दे सरकार-आप

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 4 जुलाई। नकटी–सम्मानपुर में 85 घरों पर बुलडोजर कार्रवाई पर प्रेस कॉन्फ्रेंस में आम आदमी पार्टी के नेताओं ने बताया कि जब 29 जून  को जब पार्टी का  प्रतिनिधि मंडल नकटी गांव ग्रामीणों से मिलने पहुंचा, तो वहां गरीबों के घरों का ढहाया गया मलबा देख कर हतप्रभ रह गया। आप नेताओं ने कहा कि छत्तीसगढ़ के इतिहास की सबसे अमानवीय और मानवता को शर्मसार करने वाली घटनाओं में से एक बताते हुए कहा कि बुलडोजर ने केवल गरीबों के मकान ही नहीं, बल्कि उनके सपनों, सम्मान और जीवन की उम्मीदों को भी मलबे में बदल दिया। कार्यवाही में लगभग 35 एकड़ ज़मीन पर बने 85 घरों को ध्वस्त किया गया। ग्रामीणों ने बताया कि जिन लोगों के पास नोटिस नहीं आया ऐसे भी कुछ लोगों का घर उजाड़ दिया गया है?

आप के प्रमुख प्रवक्ता एवं महा सचिव सूरज उपाध्याय, कर्मचारी विंग के प्रदेश अध्यक्ष विजय कुमार झा, लोकसभा अध्यक्ष अजीम खान एवं मीडिया प्रभारी मिहिर कुर्मी ने कहा कि जब राजधानी में पहले से ही धरमपुरा, शैलेंद्र नगर और छेरीखेड़ी में पहले से ही विधायक कॉलोनी है तो अब चौथी विधायक कॉलोनी की आवश्यकता क्यों पड़ रही है?

सरकार यदि इस भूमि का उपयोग किसी परियोजना के लिए करना चाहती थी तो सबसे पहले प्रभावित परिवारों के लिए सम्मानजनक पुनर्वास, वैकल्पिक भूमि और उचित मुआवजे की व्यवस्था करनी चाहिए थी। उन्होंने सवाल उठाया कि जिन परिवारों को वर्षों तक बिजली, पानी और अन्य सरकारी सुविधाएं मिलीं तथा कई परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ भी मिला, उन्हीं परिवारों को अचानक बेघर कर देना किस प्रकार का सुशासन है?

आम आदमी पार्टी ने कहा कि प्रत्येक प्रभावित परिवार के साथ चट्टान की तरह खड़ी है और जब तक सभी विस्थापित परिवारों को न्याय, सम्मान, पुनर्वास और उनका अधिकार नहीं मिल जाता, तब तक पार्टी का लोकतांत्रिक संघर्ष सडक़ से सदन तक पूरी ताकत के साथ जारी रहेगा।


अन्य पोस्ट