रायपुर

अभनपुर क्षेत्र के 40 समाज प्रमुखों का होगा सम्मान, पर्यावरण संरक्षण का दिया जाएगा संदेश
04-Jul-2026 6:40 PM
अभनपुर क्षेत्र के 40 समाज प्रमुखों का होगा सम्मान, पर्यावरण संरक्षण का दिया जाएगा संदेश

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अभनपुर, 4 जुलाई। छत्तीसगढ़ सर्व समाज संगठन, रायपुर संभाग के तत्वावधान में ‘सम्मान समारोह’ का भव्य आयोज 5 जुलाई रविवार को सुबह 11 से दोपहर 3 बजे तक धीवर सामाजिक भवन, नगर पालिका के पास, अभनपुर में किया जाएगा।

इस समारोह में अभनपुर क्षेत्र के 40 विभिन्न समाजों के समाज प्रमुखों का उनके सामाजिक योगदान एवं समाज सेवा के लिए सम्मान किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अभनपुर विधायक इंद्र कुमार साहू उपस्थित रहेंगे,अति विशिष्ट अतिथि के रूप में नपा अभनपुर के अध्यक्ष उत्रसेन गहिरवारे एवं उपाध्यक्ष बलविंदर गांधी की उपस्थिति रहेगी।

छत्तीसगढ़ सर्व समाज संगठन के प्रमुख उद्देश्यों में शामिल ‘पर्यावरण संरक्षण एवं वृक्षारोपण’ अभियान को जन-जन तक पहुँचाने के लिए समारोह में उपस्थित सभी समाज प्रमुखों, अतिथियों, गणमान्य नागरिकों एवं संस्था के पदाधिकारियों एवं सदस्यों को पौधों का वितरण किया जाएगा। साथ ही सभी से अपने-अपने क्षेत्र में अधिक से अधिक वृक्षारोपण एवं पौधों के संरक्षण का संकल्प लेने का आग्रह किया जाएगा।

संस्था का मानना है कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक अभियान नहीं, बल्कि आने वाली पीढिय़ों के सुरक्षित भविष्य की जिम्मेदारी है। इसी उद्देश्य को लेकर संगठन समाज को एक मंच पर जोड़ते हुए सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, शिक्षा, नशा मुक्ति एवं जनजागरण जैसे विषयों पर निरंतर कार्य कर रहा है। छत्तीसगढ़ सर्व समाज संगठन, रायपुर संभाग अध्यक्ष ईश्वर पटेल, रायपुर जिला अध्यक्ष नारायण सोनी ने सभी समाज प्रमुखों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, प्रबुद्ध नागरिकों एवं मीडिया प्रतिनिधियों से कार्यक्रम में उपस्थित होने का आग्रह किया है।


अन्य पोस्ट