रायपुर

महीनों से भुगतान नहीं निगम के ठेकेदार 6 से काम बंद करेंगे
03-Jul-2026 8:09 PM
महीनों से भुगतान नहीं निगम के ठेकेदार 6 से काम बंद करेंगे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 3 जुलाई। नगर निगम के  ठेकेदार विशेष सामान्य सभा के दिन 6 जुलाई से काम बंद करेंगे। उन्होंने इसकी सूचना निगम प्रशासन को दे दी है। उनका कहना है कि निगम ने जल माह 1 करोड़ के औसत में अपना टैक्स वसूला है और ठेकेदारों को बकाया देने वह फंड न होने का रोना रो रहा है। ठेकेदारों के कुल 40 करोड़ से अधिक की देनदारी बकाया है। नवगठित ठेकेदार संघ के अध्यक्ष दुर्गेश सिंह ठाकुर महासचिव कन्हैया गुप्ता ने एक बयान में कहा कि

 ठेकेदारों को महीनों से भुगतान पर पूर्ण रोक लगने के कारण उनके समक्ष दैनिक दिनचर्या के खर्च के लिए लेनदारों का मुंह ताकना पड़ रहा है । भुगतान के अभाव में लगभग सभी विकास कार्य ठप पड़े हुए है।  उन्होंने आरोप लगाया है कि जब से नये आयुक्त का निगम आगमन हुआ है तब से लगता है कि ठेकेदारों के बिल भुगतान की फाइलों को लकवा मार गया है। नये आयुक्त द्वारा फाइलों में गति लाने की नीयत से ई-फाइलिंग सिस्टम को अनिवार्य किया गया किंतु नगर निगम के चालाक अधिकारी इसका पलीता लगा रहे हैं। उन्हें ई-फाईलिंग में अपना नुकसान सीधा दिख रहा है।  निगम में राज्य शासन द्वारा आंकिक अंकेक्षण के लिये सबसे भ्रष्ट कंपनी को ठेके पर नियुक्त कर दिया गया है। उसके कम पढ़े लिखे कर्मचारी ठेकेदारों की फाइलों को बिना पूरा देखे आपत्ति लगा रहे हैं। इसका एक ही कारण है कि ठेकेदार देयक पास कराने के लिये इन्हें चढ़ावा देना चालू करें। ये केवल अधिकारियों के दबाव वाले देयक पारित कर रहे हैं। ठेकेदार जो पहले ही कर्ज लेकर व्यवसाय करते हैं और मामूली मुनाफे पर जैसे तैसे अपना घर चलाते है उनको भविष्य अंधकारमय लगने लगा है।  आयुक्त महापौर और नेता विपक्ष नेता प्रतिपक्ष सभी के समक्ष ठेकेदार गुहार लगाकर थक चुके हैं। उनके द्वारा केवल आश्वासन मिल रहा है। अत: इस सबके विरोध में  सोमवार को समस्त ठेकेदारों ने काम बंद करने का निर्णय लिया है।

 


अन्य पोस्ट