रायपुर

विकसित भारत की कल्पना साकार होगी वीबी जी-राम-जी से, मीडियावार्ता में सांसद लक्ष्मी वर्मा ने कहा
03-Jul-2026 8:09 PM
विकसित भारत की कल्पना साकार होगी वीबी जी-राम-जी से, मीडियावार्ता में सांसद लक्ष्मी वर्मा ने कहा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 3 जुलाई। पीआईबी रायपुर ने शुक्रवार को न्यू सर्किट हाउस के कॉन्फ्रेंस हॉल में विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन (ग्रामीण) [वीबी-जी राम-जी] अधिनियम,  विषय पर मीडिया वार्ता का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद श्रीमती लक्ष्मी वर्मा ने कहा कि एक जुलाई 2026 से अधिनियम लागू होने के बाद ग्रामीण आजीविका को नई दिशा मिली है। यह व्यवस्था ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के साथ-साथ रोजगार और आजीविका की सुरक्षा सुनिश्चित करेगी।

कार्यक्रम के विषय वक्ता तथा वीबी-जी राम-जी राज्य कार्यालय, नवा रायपुर के डिप्टी कमिश्नर नितेश उपाध्याय ने अधिनियम के क्रियान्वयन संबंधी प्रमुख प्रावधानों की जानकारी देते हुए बताया कि केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा घोषित अंतरिम आवंटन के अंतर्गत छत्तीसगढ़ को 3,354.85 करोड़ रुपये प्रदान किए गए हैं।

विषय वक्ता ठाकुर प्यारेलाल राज्य पंचायत एवं ग्रामीण विकास संस्थान के संकाय सदस्य डॉ. अनंत रघुवंशी ने कहा कि वीबी-जी राम-जी अधिनियम केवल रोजगार उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य ग्रामीण आजीविका, स्वरोजगार, महिला सशक्तिकरण, पर्यावरणीय स्थिरता, सुशासन, जवाबदेही और पारदर्शिता को भी सुदृढ़ करना है।

मीडिया वार्ता में बताया गया कि वीबी-जी राम-जी अधिनियम एक जुलाई 2026 से पूरे देश में लागू किया गया है। इसके अंतर्गत पात्र ग्रामीण परिवारों को प्रत्येक वित्तीय वर्ष में 125 दिनों तक रोजगार की कानूनी गारंटी प्रदान की गई है।

कार्यक्रम के दौरान मीडिया प्रतिनिधियों के साथ विस्तृत संवाद भी हुआ, जिसमें अधिनियम के विभिन्न प्रावधानों, क्रियान्वयन प्रक्रिया तथा इसके संभावित सामाजिक-आर्थिक प्रभावों से संबंधित प्रश्नों के उत्तर विशेषज्ञों द्वारा दिए गए। मीडिया वार्ता में प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया के पत्रकारों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर विषय पर अपनी जिज्ञासाएं साझा कीं।


अन्य पोस्ट