रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 3 जुलाई। गास मेमोरियल मैदान की करीब ढाई हेक्टेयर जमीन को नगर निगम को सौंपने की तैयारी है। इस सिलसिले में आपत्ति दावे बुलाए गए हैं। हालांकि इस पर मसीही समाज ने आपत्ति की है। इससे पहले तहसीलदार नजूल रायपुर ने इस मैदान का मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना के तहत उन्नयन कार्य के लिए यह आबंटन करना बताया है।
अपने ईश्तहार में तहसीलदार ने गास मेमोरियन मैदान के कुल रकबा 2.5610 हेक्टेयर शासकीय भूमि को नगर निगम को आबंटित करने का आवेदन मिलने की बात कही है। इस पर उन्होंने किसी व्यक्ति या संस्था को आपत्ति होने पर 9 जुलाई तक दावा आपत्ति आमंत्रित किया है। इस अधिसूचना के बाद मसीही समाज विरोध पर उतर आया है। सीएनआई डायसिस छत्तीसगढ़ के चेयरमैन बिशप सुष्मा कुमार और सचिव नितिन लारेंस ने शुक्रवार सुबह नजूल तहसीलदार के समक्ष दावा पेश किया है। उनका कहना है कि इस भूमि आबंटन को लेकर बिलासपुर हाईकोर्ट ने पहले ही स्टे दे रखा है।
साथ ही हाईकोर्ट ने टाइटल चेंज न होने के भी आदेश दिए थे। लारेंस ने कहा पता नहीं फिर कैसे यह ईश्तहार प्रकाशित किया है। दूसरी ओर मसीही समाज के वरिष्ठ सदस्य अरूण पन्नालाल ने भी इस पर आपत्ति की है। उन्होंने अपने फेसबुक पोस्ट में कहा है कि सीएनआई ही बेच रहा है। सीएनआई के पदाधिकारी स्वयं को आरएसएस के सदस्य होने की घोषणा कर चुके हैं। जो लोग जमीन बचाने में सक्षम है वो डायसिस से अछूते हैं।
कोई भी जानकारी या दस्तावेज साझा नहीं किया जा रहा है। मॉडरेटर मुंह बंद किए हुए हैं।