रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 2 जुलाई। प्रदेश में पिछले 24 घंटों के दौरान बस्तर संभाग के अधिकांश जिलों में भारी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा दुर्ग, बिलासपुर और सरगुजा संभाग के कई हिस्सों में भी अच्छी वर्षा हुई। हालांकि, मानसून सक्रिय होने के बावजूद रायपुर, दुर्ग और राजनांदगांव जिले अब भी सूखे जैसे हालात का सामना कर रहे हैं। इस गीच राजधानी में गुरूवार दोपहर बाद कुछ जगहों पर हल्की बारिश हुई। वहीं मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के लिए गरियाबंद, धमतरी, नारायणपुर, कोंडागांव, दंतेवाड़ा, बीजापुर और कांकेर जिलों में भारी से अति भारी बारिश की संभावना जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं रायपुर, महासमुंद, दुर्ग, बालोद, राजनांदगांव, मोहला-मानपुर, बस्तर और सरगुजा जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में गरज-चमक, तेज हवाओं और बारिश की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिम मानसून सक्रिय है और बंगाल की खाड़ी के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इसके प्रभाव से प्रदेश में अगले पांच दिनों तक बारिश की गतिविधियां जारी रहने के आसार हैं। राजधानी रायपुर और आसपास के क्षेत्रों में भी बादल छाए रहने तथा हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना व्यक्त की गई है।