रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 1 जुलाई। पुलिस ने महिला की शिकायत पर उसके पति और ससुरालियों के खिलाफ दहेज प्रताडऩा का मामला दर्ज किया है। महिला ने आरोप लगाया है कि पति उसके साथ दहेज की बात को लेकर मारपीट और दूसरी शादी की धमकी देता था। पुलिस ने शिकायत पर आठ लोगों के खिलाफ धारा 3(5)85 का अपराध दर्ज किया है।
डब्ल्यू.आर.एस. कॉलोनी रायपुर निवासी भानू सोनी 35 ने शिकायत में बताया कि उसकी शादी 10 दिसंबर 2023 को अंबिकापुर निवासी विक्रांत बादी के साथ हुआ था। शादी के कुछ समय बाद ही पति के अन्य महिलाओं से अवैध संबंधों का पता चला। जिसके बारे में पूछने पर पति उसके साथ मारपीट करता था। पति, सास, ससुर, ननद, देवर और अन्य रिश्तेदार कम दहेज लाने का ताना देते थे और मायके से 5 लाख रुपए सोने की चेन लाने की मांग कर मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताडि़त करते थे। सितंबर 2024 में मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया गया।
पीडि़ता ने बताया कि गर्भावस्था के दौरान सास ने बच्चे पर संदेह जताते हुए डीएनए टेस्ट कराने और गर्भपात कराने का दबाव बनाया। इस बीच पति का अन्य महिलाओं से संबंध जारी रहा और विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की जाती रही। जिसके बाद पति ने 7 मई 2025 को दूसरी महिला से विवाह कर लिया। पुलिस में शिकायत करने पर उसे और उसके बच्चे को जान से मारने की धमकी भी दी गई। इसके बाद महिला ने थाना जाकर पति विक्रांत बादी सहित ससुरालियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया है।