रायपुर

बिजली के मीटर नई दरों पर घूमने लगे, प्रति यूनिट 30 से 50 पैसे अधिक देने होंगे
01-Jul-2026 6:26 PM
बिजली के मीटर नई दरों पर घूमने लगे, प्रति यूनिट 30 से 50 पैसे अधिक देने होंगे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 1 जुलाई। पूरे प्रदेश में आज से बिजली के घरेलू और औद्योगिक मीटर छत्तीसगढ़ विद्युत नियामक आयोग द्वारा तय नई दरें के अनुसार घूमने लगे हैं। अब उपभोक्ताओं को प्रति यूनिट 30 से 50 पैसे अधिक बिल देने होंगे। 

पिछले साल घरेलू बिजली में जहां 10 से 20 पैसे की वृद्धि हुई थी, वह इस बार 30 से 50 पैसे बढ़ गई है। गैर घरेलू उपभोक्ताओं की बिजली दरों में 20 पैसे से 40 पैसे प्रति यूनिट बढ़ोतरी हुई है। कृषि पम्पों की दरें 40 पैसे प्रति यूनिट महंगी की गई है। इसके साथ ही नए टैरिफ में कई बदलाव किये गए हैं. इसमें बिजली बिल का अग्रिम भुगतान किए जाने पर 1.25 प्रतिशत छूट को घटाकर 0.75 प्रतिशत कर दिया गया है।

बिजली बिल के विलंब से भुगतान के नियमों में भी संशोधन किया गया है। अब निर्धारित समय सीमा के बाद बिल जमा करने पर 1.5 प्रतिशत प्रतिमाह की बजाय 0.04 प्रतिशत प्रतिदिन की दर से सरचार्ज लगाया जाएगा। जिन उपभोक्ताओं का बिजली बिल लंबे समय से बकाया है, उन्हें भुगतान के लिए तीन महीने की अतिरिक्त मोहलत दी जाएगी।

इस विशेष अवधि के दौरान बकाया बिल जमा करने वाले उपभोक्ताओं से किसी भी प्रकार का सरचार्ज नहीं वसूला जाएगा। जो कुछ राहत देने वाली है।

 केवल सरचार्ज माफ ही नहीं किया जाएगा, बल्कि निर्धारित अवधि के भीतर बकाया बिजली बिल का भुगतान करने वाले पात्र उपभोक्ताओं को 10 प्रतिशत की विशेष छूट भी दी जाएगी। इससे उपभोक्ताओं को सीधे आर्थिक लाभ मिलेगा और वे कम राशि में अपना लंबित बिल जमा कर सकेंगे।

आप का विरोध

आप पार्टी ने बिजली की दरों में वृद्धि पर कहा कि इससे स्पष्ट है कि गरीब जनता के पास पैसे का अभाव होगा। बिजली बिल ज्यादा आएगा तो मजबूरी में बिजली बंद करना पड़ेगा। ऐसी स्थिति में अंधेरा कायम रहे की स्थिति राज्य सरकार निर्मित कर रही है।  पार्टी के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष उत्तम जायसवाल, प्रवक्ता सूरज उपाध्याय, अनुषा जोसेफ, इमरान खान, नंदन कुमार सिंह,परमानंद जांगड़े, सागर क्षीरसागर, शिव शर्मा, रीवा राम देवांगन,आर एस ठाकुर, अजीम खान, मिहिर कुर्मी, कलावती मार्को आदि नेताओं के द्वारा धरना प्रदर्शन विरोध कर लगातार राज्य सरकार के समक्ष विरोध दर्ज किया जा रहा है।


अन्य पोस्ट