रायपुर

मामूली विवाद में पत्नी पर पेट्रोल डालकर जिंदा जलाने वाले को उम्रकैद
01-Jul-2026 6:21 PM
मामूली विवाद में पत्नी पर पेट्रोल डालकर जिंदा जलाने वाले को उम्रकैद

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 1 जुलाई। रायपुर के तेलीबांधा इलाके में दो साल पहले मामूली विवाद के बाद पत्नी पर पेट्रोल डालकर आग लगाने और उसकी मौत के मामले में आरोपी खेमराज महेश्वरी को चतुर्थदश सत्र अदालत ने दोषी ठहराते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। अदालत ने आरोपी पर 5 हजार रुपए का जुर्माना भी लगाया है। जुर्माना नहीं चुकाने पर उसे छह माह का अतिरिक्त सश्रम कारावास भुगतना होगा। चतुर्थदश सत्र न्यायाधीश जितेन्द्र प्रधान की अदालत ने 29 जून 2026 को सुनाए फैसले में कहा कि अभियोजन पक्ष ने आरोपी के खिलाफ हत्या का आरोपी है। इसलिए उसे भारतीय दंड संहिता की धारा 302 के तहत दोषसिद्ध किया गया।

घटना 17 जनवरी 2024 को रायपुर के लाभांडी स्थित घर में घरेलू विवाद के दौरान खेमराज महेश्वरी ने अपनी पत्नी अमरिका महेश्वरी पर पेट्रोल डालकर लाइटर से आग लगा दी थी। गंभीर रूप से झुलसी अमरिका को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मृतका की बेटी लक्ष्मी महेश्वरी ने अपनी नानी सोना बाई जांगड़े को फोन पर दी थी। सोना बाई की शिकायत पर तेलीबांधा पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया । विवेचना की गई। बाद में हत्या का मामला दर्ज किया गया।

मामले में सरकारी वकील श्रीमती रस्मि राननी ने अदालत में मृतका के बच्चों सहित अन्य गवाहों के बयान दर्ज कराए। चिकित्सकीय साक्ष्य और अन्य दस्तावेजी प्रमाणों के आधार पर अदालत ने आरोपी को दोषी माना। बचाव पक्ष ने भी अपनी दलीले दी। अदालत ने सुनवाई के दौरान आरोपी खेमराज को दोषी पाए जाने पर आजीवन कारावास से दंडित किया है। साथ ही 5 हजार रूपए का जुर्माना भी लगाया है।


अन्य पोस्ट