रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 30 जून। कवर्धा मेडिकल कॉलेज को मान्यता प्राप्त होने की उम्मीद है। इसे लेकर पिछले सप्ताह सीएम विष्णु देव साय, स्वास्थ्य मंत्री जायसवाल ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा से दिल्ली जाकर मुलाकात में इस पर पुनर्विचार करने की मांग की थी।
सूत्रों ने बताया कि एनएमसी, अपने मानदंडों के अनुसार के वल कवर्धा मेडिकल कॉलेज को ही मान्यता देने जा रहा है। मान्यता के लिए इस कालेज को जिला अस्पताल बड़ा संबल मिला हुआ है। जो 200 बिस्तर वाला है। नियम अनुसार हर एमबीबीएस सीट के लिए 4 बिस्तर के अनुपात के साथ जिला अस्पताल होना चाहिए। कवर्धा जिला अस्पताल 200 बिस्तरों का है। वहीं दंतेवाड़ा, एमसीबी, जशपुर (कुनकुरी), जांजगीर में यह सुविधा नहीं है। वहां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र है जो मान्यता के नार्म्स के अनुसार अपर्याप्त है। मेडिकल कॉलेजों की मान्यता को लेकर एनएमसी अपने किसी भी नियम से समझौता नहीं करता है। यही वजह रही है कि पिछले दिनों उसने छत्तीसगढ़ के 5 कालेजों को मान्यता देने से इंकार कर दिया था। इसके बाद सरकार ने नए सिरे से पहल शुरू की है।