रायपुर

शराब दुकान में नौकरी का झांसा दे 4.50 लाख वसूले, दो पर धोखेबाजी दर्ज
29-Jun-2026 8:13 PM
 शराब दुकान में नौकरी का झांसा दे 4.50 लाख वसूले, दो पर धोखेबाजी दर्ज

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 29 जून। शराब दुकान में नौकरी लगाने का झांसा देकर बेरोजगार युवक से 4.50 लाख रुपए वसूलने वाले दो धोखेबाजों पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।

खम्हारडीह पुलिस के अनुसार इलाके के निवासी दो युवकों योगेश साहू, दिलीप यादव पर धारा 318-4,336 सी का अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि ग्राम लखुरी सारागांव जांजगीर निवासी शिवबदन सागर 27 ने किसी परिचित के जरिए इन दोनों से पिछले साल 1 सितंबर को मुलाकात की। दोनों ने उसे सरकारी शराब दुकान में सेल्समैन या  सुपरवाइजर पद पर नियुक्ति का भरोसा दिलाया। और इसके लिए आबकारी विभाग,शराब निगम के अधिकारियों से नियुक्त के लिए लेन-देन करने की जरूरत बताते हुए 4.50लाख रूपए लिए। यह रकम  उन लोगों ने बीटीआई ग्राउंड शंकर नगर में ली। उसके बाद से अब तक शिवबदन नौकरी का इंतजार करता रहा। नौकरी न  लगाने पर उसने दोनों से रकम वापसी मांगी। इसे भी वे वापस नहीं कर रहे थे। अंतत: शिवबदन ने रविवार रात खम्हारडीह थाने में रिपोर्ट दर्ज कराया। पुलिस दोनों को तलाश रही है।

दोना पत्तल कारोबार के नाम पर 3 लाख का धोखा

इधर डीडी नगर पुलिस ने भी धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। रविवार देर रात तर्रा पलारी निवासी चंद्रहास वर्मा 27 की दर्ज कराई रिपोर्ट के अनुसार शैलेन्द्र रजक ने उसके साथ कुछ और लोगों को दोना पत्तल मशीन लगाने, कच्चा माल लेकर तैयार माल खरीदने का आश्वासन देकर मशीन की कीमत के रूप में 2.95 लाख रुपए लिए।? यह वसूली उसने 19 मार्च से 12 मई तक की। उसके बाद से चंद्रहास और अन्य सभी मशीन लगाने काम देने उससे संपर्क करते रहे।  इन ग्रामीणों ने तीन दिन से रायपुर में डेरा डाल कर शैलेन्द्र की तलाश कर रहे थे। लेकिन उसका अता पता नहीं है। अंतत: कल रात डीडी नगर थाने में धारा 318-4 का मामला दर्ज कराया।


अन्य पोस्ट