रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 28 जून। सरकारी धन का दुरूपयोग कर, बनाओ तोड़ो और फिर बनाओ योजना का यह सबसे अच्छा उदाहरण हो सकता है। मोवा से दलदल सिवनी ढाई किमी (2.60) सडक़ पहले तो पूरे डेढ़ दो वर्ष की देरी से बनी। उस पर यह देश की ऐसी पहली सडक़ में गिनी जाती रही कि जिसमें कोई स्ट्रीट लाइट नहीं है। इसे लेकर शहर के अखबारों, न्यूज चैनल में समय समय पर ख़बरें आती रहीं हैं लेकिन लोनिवि ने आंखें मूंद रखीं थीं। इसके अलावा 19 सितंबर 25 को जागरूक नागरिक राज ग्रोवर ने फेसबुक पोस्ट किया था कि यह रोड और डिवाइडर बना गया है लेकिन स्ट्रीट लाइट का दूर दूर तक अता पता नहीं। अब रोड और डिवाइडर का सत्यानाश करने इसे काटा जाएगा स्ट्रीट लाइट लगाया जाएगा।
इस पोस्ट के 9 माह बाद लोनिवि की नींद टूटी है। अब स्ट्रीट लाइट लगवाया जा रहा है। अब यह सवालों के घेरे में है कि ये लाइटें, सडक़ बनाने वाली ठेका फर्म लगा रही है या यह कार्य नया वर्क आर्डर के तहत किसी नई बिजली फर्म को दिया गया है। इसके लिए 70.48 लाख रुपए भी स्वीकृत किए जा चुके हैं। 2073.62 लाख यानी 20
करोड़ से अधिक की लागत की इस सडक़ का टेंडर 21 अक्टूबर 22 को मंजूर किया गया। इसके बाद सडक़ जुलाई 23 में पूरी तरह से बन जानी थी। लेकिन बनी पूरे डेढ़-दो साल बाद 2025 में। उसके बाद से यह सडक़ ने दो मानसूनी मौसम देख लिए है लेकिन अब तक इसका मेंटेनेंस नहीं किया गया है। पूरे रास्ते जगह जगह गड्ढे उभर आए हैं।