रायपुर

जनप्रेरणा का सशक्त माध्यम मन की बात- साय
28-Jun-2026 7:17 PM
जनप्रेरणा का सशक्त माध्यम मन की बात- साय

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 28 जून। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज  निवास में आरएसएस  के वरिष्ठ प्रचारक इंद्रेश कुमार के साथ पीएम नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम मन की बात की 135वीं कड़ी सुनी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि मन की बात आज जनता और नेतृत्व के बीच संवाद का सशक्त माध्यम बन चुका है। प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी के विचार देशवासियों को प्रेरित करने के साथ-साथ समाज में सकारात्मक परिवर्तन का मार्ग भी प्रशस्त करते हैं।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी प्रत्येक कड़ी में देशभर से नवाचार, जनभागीदारी और प्रेरणादायी प्रयासों को सामने लाते हैं, जिससे समाज में सकारात्मक कार्यों को नई ऊर्जा मिलती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बार प्रधानमंत्री श्री मोदी ने आगामी गणेशोत्सव के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए मिट्टी से निर्मित भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापित करने का आह्वान किया। उन्होंने प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना और प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के माध्यम से सामाजिक सुरक्षा के महत्व पर भी प्रकाश डाला तथा वर्षा जल के प्रत्येक बूंद के संरक्षण का संदेश देते हुए जल संचय को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर  स्वास्थ्य मंत्री  श्यामबिहारी जायसवाल, विधायक श्रीमती गोमती साय, भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के अध्यक्ष डॉ. रामप्रताप सिंह, सीजीएमएससी के अध्यक्ष  दीपक म्हस्के, नान अध्यक्ष  संजय श्रीवास्तव,  सच्चिदानंद उपासने, अखिलेश सोनी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

शर्मा की इंटर कैडर प्रतिनियुक्ति एक वर्ष बढ़ी

रायपुर, 28 जून। छत्तीसगढ़ कैडर के आईएएस अभिषेक शर्मा की इंटर काडर प्रतिनियुक्ति एक वर्ष के लिए बढ़ा दी गई है। केंद्रीय लोक कार्मिक विभाग से कल जारी आदेश अनुसार 2018 बैच के आईएएस अभिषेक शर्मा की एजीएमयूटी जेएंडके में प्रतिनियुक्ति आगामी 8 जुलाई से एक वर्ष यानी  2027 तक के लिए बढ़ा दी है। जम्मू कश्मीर मूल के शर्मा   जुलाई-21 यानी 5  साल से जेएंडके में प्रतिनियुक्ति पर कार्यरत हैं। वहीं छत्तीसगढ़ कैडर के लिए शिव अनंत तायल भी जेएंडके में प्रतिनियुक्ति पर हैं। वे इस समय केंद्रीय कैबिनेट सचिवालय में पदस्थ हैं।


अन्य पोस्ट