रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 28 जून। रविवार को ग्राम जरवाय स्थित प्रेरणा ब्लाइंड स्कूल परिसर में विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया गया। पश्चिम विधायक राजेश मूणत महापौर श्रीमती मीनल चौबे ने 4.11 करोड़ की लागत से हीरापुर–जरवाय–अटारी क्षेत्र के आंतरिक मार्गों के निर्माण, निगम द्वारा अधोसंरचना मद से लगभग 1.40 करोड़ के विभिन्न विकास कार्यों तथा छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेज कॉर्पोरेशन द्वारा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र निर्माण का भूमिपूजन किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मूणत ने कहा कि वार्ड में अब तक लगभग 73 करोड़ के विकास कार्य स्वीकृत एवं संचालित किए जा चुके हैं, जिनमें करीब 65 करोड़ की लागत से दो महत्वपूर्ण ब्रिजों तथा निगम के 9 करोड़ के विकास कार्य शामिल हैं। इसके अतिरिक्त लगभग 80 लाख के अन्य कार्य वर्तमान में प्रगति पर हैं।
आज जिन परियोजनाओं का भूमिपूजन किया गया है, उनके पूर्ण होने से हीरापुर, जरवाय एवं अटारी क्षेत्र के हजारों नागरिकों को बेहतर सडक़ संपर्क, सुदृढ़ स्वास्थ्य सेवाएँ तथा आधुनिक नागरिक सुविधाएँ प्राप्त होंगी। महापौर श्रीमती चौबे ने कहा कि नगर निगम सभी कार्यों को गुणवत्ता एवं समयबद्धता के साथ पूर्ण करने के लिए प्रतिबद्ध है।