रायपुर

वैश्विक अवसरों का लाभ लेने के साथ अपनी जड़ों से जुड़े रहना भी आवश्यक
28-Jun-2026 7:10 PM
वैश्विक अवसरों का लाभ लेने के साथ अपनी जड़ों से जुड़े रहना भी आवश्यक

प्रतिभा पलायन पर वैचारिक गोष्ठी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 28 जून। नव छत्तीसगढ़ साहित्य, संस्कृति संस्थान के तत्वावधान में शुक्रवार को वृन्दावन सभागार में प्रतिभा पलायन विषय पर वैचारिक विमर्श एवं भव्य काव्य गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता  लेखक स्तंभकार संजीव कुमार ठाकुर  ने कहा कि आज  देश को प्रतिभा पलायन का नहीं प्रतिभा आमंत्रण का का देश बनाना होगा।

मुख्य अतिथि डॉ. तपेश चन्द्र गुप्ता ने कहा कि पलायन गतिशीलता का पर्याय है, किंतु इसका उद्देश्य केवल व्यक्तिगत उन्नति नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के विकास में योगदान भी होना चाहिए। विशिष्ट अतिथि डॉ. गिरजा शंकर गौतम ने देश के भीतर उपलब्ध अवसरों को पहचानने और प्रतिभाओं को स्वदेश में ही अपनी क्षमता का उपयोग करने पर बल दिया।

अमेरिका में सेवाएं दे रहे रायपुर के डॉ. आदित्य नारायण तिवारी ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि वैश्विक अवसरों का लाभ लेने के साथ-साथ अपनी जड़ों से जुड़े रहना भी आवश्यक है। पूर्व डीआईजी डॉ. किशोर अग्रवाल ने कहा कि प्रतिभाओं को देश में ही बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए शासन, समाज एवं शैक्षणिक संस्थानों को समवेत प्रयास करने होंगे।

कार्यक्रम के द्वितीय सत्र में भव्य काव्य गोष्ठी आयोजित की गई, जिसमें प्रदेश के प्रतिष्ठित कवियों एवं शायरों डॉ. किशोर अग्रवाल, सरोज साव, मन्नूलाल यदु, अभिषेक वैष्णव, डॉ. सीमा श्रीवास्तव, चेतन भारती, सीमा शर्मा, शिवशंकर गुप्ता, छविलाल सोनी, आशा मानव, साधना कसार, प्रमोद पटेले, मोहन तिवारी, गोपाल प्रसाद देवांगन, युक्ता राजश्री,  डॉ विभाषा मिश्रा, सुनीता तिवारी,डॉ. नौशाद अहमद सिद्दीकी, रजनीश श्रीवास्तव तथा शायर रवि कुमार ने अपनी प्रभावशाली काव्य प्रस्तुतियों से श्रोताओं की भरपूर सराहना प्राप्त की। कार्यक्रम का सफल संचालन शशांक खरे, डॉ. सीमा श्रीवास्तव एवं ऋषभदेव साहू ने किया। अंत में संस्थान के सचिव सुमन शर्मा बाजपेई ने आभार प्रकट किया ।


अन्य पोस्ट