रायपुर

बैंक के सेल डीड पर बिकी जमीन को अपना बता कर पिता पुत्र ने फिर नामांतरण कराया, गंज में एफआईआर
27-Jun-2026 9:11 PM
बैंक के सेल डीड पर बिकी जमीन को अपना बता कर पिता पुत्र ने फिर नामांतरण कराया, गंज में एफआईआर

भू राजस्व अमले की मिली भगत से हुआ यह कृत्य

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

 रायपुर, 27 जून। गंज पुलिस ने बैंक के सेल सर्टिफिकेट के जरिए बेची गई जमीन को राजस्व कर्मचारियों/अधिकारियों से सांठ-गांठ कर अपने नाम पर दर्ज कराकर भूमि हड़पने का प्रयास का मामला दर्ज किया है। इस भूमि को रहने रख इन लोगों ने बैंक से कर्ज लिया था जिसे न चुकाने पर बैंक ने ही बेचा था।

गंज पुलिस के अनुसार   24 म 7 ई पॉवर लिमिटेड न्यू  कबाडख़ाना भोपाल के डायरेक्टर विवेक अग्रवाल ग्राम फाफाडीह प.ह.न. 108, रा.नि.म. रायपुर तह. व जिला रायपुर स्थित भूमि खसरा नंबर 117/1. स्तार कमांक 23. भूखण्ड क्रमांक 28, 29 एवं 30 कुल रकबा 7419 वर्गफुट का स्वत्व एवं आधिपत्यधारी है। यह  भूमि पूर्व में सुरेश पोपटानी पिता निश्चलदास पोपटानी के नाम पर दर्ज थी।  सुरेश पोपटानी, मेसर्स मनीष इंडस्ट्रीज के नाम से व्यवसाय करते थे जिसका प्रोप्रायटर उसने अपने पुत्र मनीष पोपटानी को रखा था।

अपने व्यवसाय के लिये पोपटानी पिता  पुत्र ने  सेन्ट्रल बैंक ऑफ इंडिया शाखा फाफाडीह से टर्म लोन एवं कैश केडिट प्राप्त किया गया था । इसकी सुरक्षा में उक्त भूमि बैंक में बंधक रखा था । लेकिन पिता पुत्र ने ऋण का भुगतान नहीं किया था ।इस पर   बैंक  ने ऋण राशि की वसूली में  भूखंड को Securitisation and Reconstruction of Financial Assets and Enforcement of Security Interest Act, 2002 (54 of 2002)  की धारा 13 सहपठित धारा 12 में दिए गए शक्ति एवं अधिकार के तहत शिकायतकर्ता को विक्रय किया गया।   14 मार्च 11 को  बैंक के सेल सर्टिफिकेट उसके पक्ष में निष्पादित करते हुए उसका पंजीयन कराकर उसका स्वामित्व एवं दखल कब्जा विवेक को दिया।

यह  भूमि क्रय करने के उपरांत विवेक अग्रवाल भूमि से  अभिलेखों में अपना नाम दर्ज किये जाने हेतु आवेदन विशेष कर्तव्य अधिकारी परिवर्तित भूमि, रायपुर के न्यायालय में प्रस्तुत किया था जिस पर  12 अगस्त 13 के आदेश पर विवेक का नाम दर्ज  दर्ज किया गया था। चूंकि विवेक रायपुर के बाहर भोपाल (म.प्र.) का निवासी है तथा वहीं रहकर अपना व्यवसाय करता है जहां से समय समय पर रायपुर आने पर उक्त भूमि की देखरेख एवं व्यवस्था करते रहा।

अभी 13 जुलाई 25 को शिकायतकर्ता का अधिकृति प्रतिनिधि / कर्मचारी कमलेश कुमार पटेल (कुर्मी) रायपुर आया था जिस विवेक द्वारा अपनी उक्त भूमि को घेर कर सुरक्षित करने के लिये आवश्यक कार्यवाही का निर्देश दिया था। उक्त निर्देश पर शिकायतकर्ता का प्रतिनिधि उक्त भूमि से संबंधित राजस्व अभिलेख प्राप्ति के लिये हल्का पटवारी से संपर्क किया। 

तब उनके द्वारा उक्त भूमि नायब तहसीलदार के राजस्व प्रकरण कमांक 20240-अ/6 वर्ष 2023-24 में 20 फरवरी 24 को पारित आदेश  के आधार पर मनीष पोपटानी, अमित पोपटानी दोनो पिता स्व. सुरेश पोपटानी एवं इंदिरा देवी पोपटानी पति स्व. सुरेश पोपटानी तीनों निवासी कृष्णा अपार्टमेंट के सामने, जेल रोड, साई नगर,  रायपुर के नाम पर दर्ज होने की जानकारी दी गई।

 इसकी जानकारी होने पर शिकायतकर्ता के प्रतिनिधि द्वारा अभिलेखों का निरिक्षण कराया तो यह भी ज्ञात हुआ कि इसके पूर्व उक्त मनीष पोपटानी पिता सुरेश पोपटानी ने जिस पंजीकृत सेल सर्टिफिकेट 14 मार्च 11 के माध्यम से आवेदित भूमि सेन्ट्रल बैंक से शिकायतकर्ता ने क्रय किया था, उसी सेल सर्टिफिकेट से आवेदित भूमि क्रय करना कथन करते हुए एवं शपथपूर्वक ब्यान देते हुए उक्त भूमि अपने नाम पर दर्ज किये जाने हेतु आवेदन विशेष कर्तव्याधिकारी, परिवर्तित भूमि, रायपुर के समक्ष प्रस्तुत किया था जिसके साथ उक्त सेल सर्टिफिकेट की ही प्रति प्रस्तुत किया था जिसे प्रकरण कमांक 4514-अ/6 वर्ष 2010-11 देकर दर्ज किया गया था। तत्कालिन विशेष कर्तव्याधिकारी, परिवर्तित भूमि, रायपुर ने उक्त मनीष पोपटानी के साथ सांठ-गाठ कर यह देखे एवं विचार किये बगैर कि उक्त सेल सर्टिफिकेट के क्रेता कौन हैं उक्त मनीष पोपटानी को अवैध लाभ पहुंचाने तथा शिकायतकर्ता की संपत्ति हड़पने अपने आदेश  14 फरवरी 12 के द्वारा शिकायतकर्ता की उक्त भूमि उक्त मनीष पोपटानी पिता सुरेश पोपटानी के नाम पर दर्ज करने का आदेश दिया गया था।

उपर किये गए कथनों से स्पष्ट है कि मनीष पोपटानी वल्द सुरेश पोपटानी ने शिकायतकर्ता की क्रयशुदा / स्वामित्व की उक्त बहुमूल्य भूमि को हड़पने पहले शिकायतकर्ता के पक्ष में बैंक द्वारा निष्पादित / पंजीकृत सेल सर्टिफिकेट  14 मार्च 11 को अपने पक्ष में होने का झूठा कथन करते हुए राजस्व अधिकारी (तत्कालिन विशेष कर्तव्याधिकारी, परिवर्तित भूमि, रायपुर) के साथ सांठ-गांठ कर अपने पक्ष में  नामांतरण आदेश करा लिया। फिर बाद में यह जानते हुए भी कि उक्त भूमि शिकायतकर्ता को विक्रय किया जा चुका है, उक्त मनीष पोपटानी, अमित पोपटानी दोनो पिता स्व. सुरेश पोपटानी एवं इंदिरा देवी पोपटानी पति स्व. सुरेश पोपटानी ने आपस में सांठ-गांठ कर शिकायतकर्ता की उक्त भूमि को अपने पिता/पति सुरेश पोपटानी वल्द निश्चलदास पोपटानी की भूमि होना जिनकी मृत्यु हो जाने तथा वे स्वयं उनके वारिस होना कथन करते हुए फौति नामांतरण आदेश  20 फरवरी 24 को करा लिया गया है।  इस तरह े उनके विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 336, 338, 340, 229, 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया गया है।


अन्य पोस्ट