रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 27 जून। राष्ट्रीय फेरी पटरी ठेला व्यवसायी महासंघ द्वारा 30 जून को नई दिल्ली में एक दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन किया जा रहा है। यह संगोष्ठी देशभर के स्ट्रीट वेंडर्स, फेरी, पटरी एवं ठेला व्यवसायियों के समक्ष मौजूद चुनौतियों, समस्याओं और उनके समाधान पर केंद्रित होगी।
महासंघ के पदाधिकारियों के अनुसार स्ट्रीट वेंडर्स के समक्ष चुनौतियां एवं समाधान विषय पर आयोजित यह राष्ट्रीय सेमिनार देश के लाखों छोटे व्यवसायियों के हितों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर उठाने का मंच प्रदान करेगा। संगोष्ठी के माध्यम से स्ट्रीट वेंडर्स की आजीविका, सामाजिक सुरक्षा, वित्तीय सशक्तिकरण, शहरी क्षेत्रों में व्यवसाय संचालन की चुनौतियों तथा सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन जैसे विषयों पर विस्तृत चर्चा की जाएगी। आयोजकों ने कहा है कि फेरी, पटरी और ठेला व्यवसायी देश की अनौपचारिक अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। लाखों परिवारों की आजीविका इस क्षेत्र से जुड़ी हुई है। शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में आवश्यक वस्तुओं और सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने में इन व्यवसायियों की अहम भूमिका रहती है।
इसके बावजूद उन्हें स्थान की कमी, प्रशासनिक चुनौतियों, वित्तीय संसाधनों की उपलब्धता और सामाजिक सुरक्षा जैसे अनेक मुद्दों का सामना करना पड़ता है।