रायपुर

नकल कर रही कांग्रेस के अप्रशिक्षित शीर्ष नेता क्या सिखाएंगे-भाजपा
27-Jun-2026 9:07 PM
नकल कर रही कांग्रेस के अप्रशिक्षित शीर्ष नेता क्या सिखाएंगे-भाजपा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 27 जून। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता डॉ. विजयशंकर मिश्रा ने  जिला कांग्रेस अध्यक्षों के प्रशिक्षण शिविर पर तीखा कटाक्ष कर कहा है कि जो पार्टी दशकों तक अपने ही जमीनी कार्यकर्ताओं को भूल चुकी थी और उन्हें सिर्फ एक वोट बैंक व दरी उठाने वाला समझती रही, वह आज 'प्रशिक्षण' के माध्यम से कार्यकर्ताओं में सम्मान की भावना जगाने का ढोंग कर रही है। अपनी इस राजनीतिक जमीन को खिसकता देख कांग्रेस अब पूरी तरह से भाजपा के सांगठनिक ढाँचे और प्रशिक्षण शिविरों की नकल करने पर उतारू हो गई है।

डॉ. मिश्रा ने कहा कि बड़ी अजीब विडंबना है कि राहुल गांधी, सचिन पायलट और अलका लांबा जैसे नेता, जिन्हें खुद राजनीतिक मर्यादा, नीति और संगठन का कोई व्यावहारिक प्रशिक्षण नहीं है, अब अपने कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित करने का दावा कर रहे हैं। जो खुद अप्रशिक्षित हैं, वे दूसरों को क्या दिशा देंगे? क्या इस प्रशिक्षण शिविर में कार्यकर्ताओं को एक बार फिर से वही पुराना 'कांग्रेस मार्ग' यानी भ्रष्टाचार करने की नई तकनीकें सिखाई जाएंगीं कांग्रेस चाहे जितनी भी नकल कर ले, वह भाजपा जैसी राष्ट्रवादी और अनुशासित कार्यसंस्कृति कभी नहीं अपना सकती। दूसरी ओर प्रवक्ता दाऊ अनुराग अग्रवाल ने कहा कि इस  प्रशिक्षण के लिए जिला अध्यक्षों से सहयोग राशि की मांग को लेकर कांग्रेस के अंदर भारी असंतोष है। कांग्रेस के जिला अध्यक्ष कह रहे हैं कि कांग्रेस शासनकाल में कमाई करने वाले मंत्री व उनके सहयोगी अब संगठन के कार्य के लिए खर्च करने में पीछे क्यों हट रहे हैं। उन्होंने मांग की की जिन्होंने भ्रष्टाचार करके कांग्रेस शासन में पैसे कमाए हैं संगठन कार्य के लिए वे ही पैसे दें।


अन्य पोस्ट