रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 26 जून। मानसून दस्तक के बाद भी सप्ताह भर में बारिश की कमी देखी गई। मौसम की बेरुखी के चलते प्रदेश वासियों को भीषण गर्मी और उमस का सामना करना पड़ा है इस दौरान राजधानी रायपुर में पड़ रही गर्मी से तापमान 42 डिग्री से अधिक अहसास हो रहा है। वही कई जिलों में सप्ताह भर में छुटपुट बारिश देखी गई इस बीच उमस और गर्मी का भी असर बरकरार रहा। इस बीच शुक्रवार दोपहर फिर राजधानी में मौसम ने करवट बदला। सुबह से तेज धूप के बाद दोपहर बादलों ने शहर को घेरा। मौसम विभाग ने तीन घंटे के अलर्ट जारी करते हुए शाम 7 बजे तक आंधी, गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई है। मौसम विभाग ने 27 जून से मानसून की गतिविधियों में तेजी आने के संकेत दिए हैं। इस दौरान अगले सात दिनों तक प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में मध्यम से तेज बारिश हो सकती हैं। वहीं दक्षिण-पश्चिम मानसून के अगले तीन से चार दिनों में प्रदेश के शेष हिस्सों में भी आगे बढऩे के लिए परिस्थितियां बनी हुई हैं। इस बीच शुक्रवार के रायगढ़ जिले में तेज बारिश हुई।
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के एक-दो स्थानों पर मेघगर्जन के साथ वज्रपात तथा हल्की से वर्षा दर्ज की गई। सर्वाधिक अधिकतम तापमान 39.4 डिग्री सेल्सियस बिलासपुर में दर्ज किया गया। जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस पेंड्रा रोड में रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों में प्रदेश के अनेक हिस्सों में वर्षा की गतिविधियां और बढऩे के संकेत हैं।