रायपुर
रायपुर, 26 जून। छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन ने प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी के दो वर्ष पूर्ण कर लिए हैं। अब तीसरे वर्ष में नई उपलब्धियों के साथ आगे बढऩे का संकल्प लिया है। शुक्रवार को बिलासपुर प्रेस क्लब में आयोजित राज्य स्तरीय प्रेस कॉन्फ्रेंस में संगठन के दो वर्षों की उपलब्धियों पर आधारित विशेष छायाचित्र प्रदर्शनी लगाई गई। प्रदर्शनी में सराफा जन-संवाद अभियान, संगठन विस्तार, जेम्स एंड ज्वेलरी पार्क, ऑपरेशन गोल्ड, बीआईएस जागरूकता अभियान तथा संगठन की अन्य प्रमुख उपलब्धियों को मीडिया एवं आमजन के समक्ष प्रस्तुत किया गया। 28 जून 2026, रविवार को प्रात: 10 बजे से रामदेव लॉन, 36 मॉल के बगल, मंगला, बिलासपुर में प्रदेश स्तरीय सराफा महासम्मेलन एवं तृतीय आमसभा आयोजित होगी। इससे पूर्व संगठन की आमसभाएँ जगदलपुर एवं जांजगीर में सफलतापूर्वक आयोजित हो चुकी हैं तथा इस बार न्यायधानी बिलासपुर को इस भव्य आयोजन की मेजबानी का अवसर प्राप्त हुआ है। महासम्मेलन में प्रदेशभर से लगभग 5,000 सराफा व्यापारी, प्रतिनिधि एवं पदाधिकारी शामिल होंगे।
प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी ने बताया कि जनवरी 2024 में प्रदेश में संगठन की लगभग 60 सक्रिय इकाइयाँ थीं। संगठन विस्तार अभियान के परिणामस्वरूप जून 2024 तक यह संख्या बढक़र 91 से अधिक हो गई तथा वर्तमान में प्रदेशभर में 125 से अधिक इकाइयाँ संगठन से जुड़ चुकी हैं।