रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 25 जून। छत्तीसगढ़ विद्युत मंडल के संविदा कर्मचारी नियमितीकरण एवं समायोजन की मांग के लिए 45 दिन पूर्व प्रबंधन व छत्तीसगढ़ शासन को आंदोलन का नोटिस दिए थे। 45 दिनों में कोई कार्यवाही न होने पर उन्होंने दो दिवसीय काम बंद कलम बंद आंदोलन किया है। विद्युत प्रबंधन ने हड़ताली कर्मचारियों को सेवा समाप्ति का नोटिस देकर सरकार के खिलाफ उन्हें आकोषित किया है। कर्मचारी नेता विजय कुमार झा ने कहा है कि विद्युत मंडल के संविदा कर्मचारी जनता की सेवा करते हुए 40 कर्मचारी दिवंगत हो गए तथा 100 से अधिक कर्मचारी दिव्यांग हो गए। दिवंगत कर्मचारियों को अनुकंपा नियुक्ति, दिव्यांग कर्मचारी को मुआवजा व सेवा का अवसर न देकर उनके साथ घोर अन्याय किया गया है। आज प्लेसमेंट ठेका प्रथा को समाप्त करने का वादा करने वाली सरकार, मंत्रालय में विद्युत मंडल में ठेका प्रथा प्लेसमेंट को लागू कर रही है। श्री झा ने कहा है कि ये प्लेसमेंट ठेके, वरिष्ठ अधिकारियों के या नेताओं के रिश्तेदार चला रहे हैं। भाजपा व कांग्रेस दोनों की सरकार ने विद्युत मंडल के कर्मचारियों के साथ गिरफ्तारी, मारपीट, बर्खास्तगी की। लेकिन किसी ने नियमितिकरण समायोजन नहीं किया। श्री झा ने आंदोलनरत कर्मचारियों के आंदोलन का समर्थन करते हुए दावा किया है कि यदि उनका नियमितीकरण नहीं होगा तो छत्तीसगढ़ की जनता सरकार को माफ नहीं करेगी, क्योंकि तूता धरना स्थल पर विपक्ष में रहते हुए 10 दिन में नियमितीकरण का वादा कर डां रमन सिंह, ओपी चौधरी, अरुण साव, गौरी शंकर श्रीवास, हड़तालियों की सभा को संबोधित करते थे। आज हड़तालियों से बात करने में अपना चेहरा छुपा रहे हैं,जो निंदनीय है।
सेवानिवृत्ति के निकट कर्मचारियों को गृह जिले में पदस्थापना का अवसर दे सरकार- नामदेव
रायपुर, 25 जून। भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ, छत्तीसगढ़ के प्रांताध्यक्ष वीरेन्द्र नामदेव ने कहा है कि प्रदेश के वे शासकीय कर्मचारी, जो आगामी एक-दो वर्षों के भीतर सेवानिवृत्त होने वाले हैं, राज्य सरकार द्वारा स्थानांतरण (तबादला) प्रतिबंध हटाने की घोषणा का हर केबिनेट में बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। सेवा जीवन के अंतिम चरण में कर्मचारियों की यह स्वाभाविक अपेक्षा होती है कि उन्हें अपने गृह जिले अथवा परिवार के निकट पदस्थापना का अवसर मिले, जिससे वे अपने पारिवारिक एवं सामाजिक दायित्वों का सुचारु रूप से निर्वहन कर सकें। नामदेव ने कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार के गठन के बाद से अब तक नियमित स्थानांतरण नहीं होने तथा स्थानांतरण प्रतिबंध प्रभावी रहने के कारण बड़ी संख्या में ऐसे कर्मचारी, जिनकी सेवानिवृत्ति निकट है, अपने गृह जिले अथवा परिवार के समीप पदस्थापना प्राप्त नहीं कर सके हैं। परिणामस्वरूप अनेक कर्मचारी सेवानिवृत्ति के अंतिम वर्षों में भी अपने घर-परिवार से दूर सेवाएं देने को विवश हैं।
जारी विज्ञप्ति में जे पी मिश्रा, अनिल गोल्हानी,प्रवीणकुमार त्रिवेदी,टी पी सिंह, शैलेन्द्र कुमार सिन्हा, बी एस दसमेर, श्रीमती शेषा सक्सेना, उर्मिला शुक्ला, लता चावड़ा,अनिल पाठक,आर जी बोहरे, ओ डी शर्मा,ने विश्वास व्यक्त किया कि राज्य सरकार कर्मचारियों की इस व्यावहारिक एवं मानवीय मांग पर सकारात्मक निर्णय लेते हुए स्थानांतरण नीति में आवश्यक प्रावधान करेगी, जिससे सेवानिवृत्ति के निकट पहुंच चुके कर्मचारियों को परिवार के साथ रहने और अपने भावी जीवन की तैयारियों का उचित अवसर मिल सके।