रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 25 जून। छत्तीसगढ़ कांग्रेस के प्रभारी महासचिव सचिन पायलट ने एनसीईआरटी की 9वीं कक्षा की किताब में इमरजेंसी को शामिल किए जाने पर कहा कि इतिहास को अपने तरीके से आप देख सकते हैं। जहां-जहां बीजेपी की सरकार होती है, वहां किताब और इतिहास को अपने तरीके से प्रस्तुत करती है। बीजेपी का एक ध्येय हो सकता है, लेकिन हमें आगे देखना पड़ेगा। जिस तरीके से लोकतंत्र में चुनौती है।बीजेपी जिस तरीके से अपने हित को साधने के लिए संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग कर रही है, ऐसा कभी नहीं हुआ।
केदार के तंज पर कांग्रेस प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट चुप नहीं रहे। उन्होंने बीजेपी को आईना दिखाते हुए कहा कि बीजेपी नेताओं को कांग्रेस की चिंता छोडक़र अपने घर की फिक्र करनी चाहिए। सरकार में रोज कुर्सी को लेकर खींचतान मची है, इस पर ध्यान दें। इस ट्रेनिंग का मकसद बीजेपी के षड्यंत्रों का पर्दाफाश करना है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का हर जिला अध्यक्ष अब सरकारी वादों की पोल खोलने की ट्रेनिंग ले रहा है।
बूथ लेवल तक कमेटियां बनाकर सरकार के खिलाफ मोर्चा खोला जाएगा। छत्तीसगढ़ के संसाधनों को निजी हाथों में सौंपने के खिलाफ लड़ाई लड़ी जाएगी। चुनाव भले ही ढाई साल दूर हों, लेकिन कांग्रेस अभी से जमीन तैयार करने में जुट गई है। इस पर मध्यप्रदेश के पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह ने इसी मुद्दे पर रोष जताते हुए भाजपा को बेशर्म पार्टी करार दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा अपनी राजनीति में बच्चों की किताबों को भी शामिल करती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस राजनीति जरूर करती है, लेकिन कभी बच्चों के भविष्य को इसमें शामिल नहीं करती। भाजपा बच्चों के भविष्य पर भी राजनीति करने वाली पार्टी है।
बिलासपुर में नीट घोटाले को लेकर कांग्रेस की ओर से देशभर में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यकम के संबंध में होने वाली प्रेस वार्ता में शामिल होने रायपुर पहुंचे मध्यप्रदेश में कांग्रेस विधायक जयवर्धन सिंह ने बताया कि ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम देशभर में आयोजित किया जाएगा. इसी कैंपेन के अधीन देशभर के 28 शहरों में प्रेस वार्ता रखी है। बिलासपुर में होने वाली प्रेस वार्ता में मैं शामिल होऊंगा?
उन्होंने कहा कि पहली बार देश के इतिहास में हमने देखा है कि सीबीएसई शिक्षा, जो कांग्रेसी ने दी थी, उसमें घोटाला हो रहा है। धर्मेंद्र प्रधान के कार्यकल में दो बार नीट पेपर लीक हुआ है। कांग्रेस ने देश को पहला आईआईटी, आईआईएम और एआईआईएमएस दिया था।
नरेंद्र मोदी की सरकार ने नीट घोटाला और सीबीएसई घोटाला दिया है। इसके साथ ही उन्होंने सवाल किया कि जब एनटीए का गठन किया गया था, तो संसदीय अधिकार क्यों नहीं दिया गया।
कांग्रेस विचारधारा भूल चुकी-केदार
कांग्रेस के प्रशिक्षण शिविर पर कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि कांग्रेस अपनी पुरानी विचारधारा पूरी तरह भूल चुकी है। केदार कश्यप ने चुटकी लेते हुए कहा कि कांग्रेस को अपने जिलाध्यक्षों को ही बताना पड़ रहा है कि पार्टी की आइडियोलॉजी क्या है। जिन्हें खुद ही विचारधारा नहीं पता, उन्हें पद पर किसने बैठाया? कश्यप का आरोप है कि कांग्रेस अब सिर्फ गुटबाजी और तुष्टिकरण की राजनीति में उलझकर रह गई है।