रायपुर
जमीन में गड़ा सोना मिलने का दिया झांसा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 24 जून। डीडी नगर इलाके में भिलाई के एक कारोबारी से 2 किलो असली सोने का हार बताकर 10 लाख रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। आरोपी राजेश प्रजापति ने उस सोने को जमीन खुदाई में मिलने की बात कर झांसे में लिया था। इसकी शिकायत गुरूनानक नगर भिलाई निवासी धवल बड़ोदरिया, ने डीडी नगर में कराई। उसने बताया कि वह सैनेटरी व्यवसाय से जुड़ा हैं। उनकी मुलाकात उसके दोस्त नमन अग्रवाल के माध्यम से राजेश प्रजापति से हुई थी। राजेश ने स्वयं को अभनपुर में मजदूरी करने वाला बताया और कहा कि खुदाई के दौरान उसे पीतल के लोटे में 2 किलो का सोने का हार मिला है।
धवल ने सोने का हार समझ राजेश के झांसे में आ गया। जिसके बाद आरोपी ने हार से एक टुकड़ा तोडक़र धवल और नमन को दिया। जिसकी जांच कराने पर वह असली सोना निकला। जिससेे दोनों को उस पर विश्वास हो गया। जिसके बाद आरोपी मां-बेटे रायपुरा चौक के पास आए। इस दौरान उन्होंने धवल और उसके साथी को भी बुलाया था। जहां 2.5 लाख रुपए में हार खरीदने की बात हुई, लेकिन राजेश की मां ने हार बेचने से इनकार करते हुए अधिक रकम की मांग की। इसी दौरान राजेश ने हार का एक और टुकड़ा जांच के लिए दिया धवल को दिया। जिसका जांच कराने पर असली पाया गया। जिसके बाद 23 जून को रायपुरा चौक स्थित एक ढाबे के पास जेवर का 10 लाख रूपए में सौदा तय हुआ। धवल बड़ोदरिया ने 10 लाख रुपये नकद दिए और बदले में 2 किलो वजनी सोने का हार लिया।
बाद में जब हार का ज्वेलरी दुकानों में जांच कराया गया तो हार नकली निकला। राजेश प्रजापति और उसकी मां ने असली सोने के टुकड़ा दिखा भरोसा जीतकर नकली हार बेच दिया। शिकायत पर डीडी नगर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ 3(5), 318 का मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों की पता तलाश कर रही है।
नई ट्रक किराए पर दिया न ट्रक मिला न किस्त, धोखाधड़ी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 24 जून। ट्रक खरीदने के नाम पर धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पुरानी बस्ती पुलिस ने शिकायत पर आरोपी के खिलाफ धारा 316(2) के तहत अपराध दर्ज किया है। टिकरापारा न्यू कॉलोनी निवासी एजाज हुसैन ने शिकायत दर्ज कराई कि उसनेे अपना 12 चक्का अशोक लीेलैंड ट्रक, सीजी 07 सीबी 0770, को अंतागढ़ निवासी साबिर अली को मासिक किश्त 29,050 रुपए में दिया गया था। ट्रक कोटक महिंद्रा फाइनेंस होना बताया गया।
शिकायत में बताया गया कि वाहन सौंपने के बाद साबिर अली ने तीन किश्तों का भुगतान किया और उसके बाद किस्त जमा करना बंद कर दिया। इसके बाद न तो वह फाइनेंस की बाकी किश्त जमा किया, और न ही ट्रक वापस दिया।
एजाए ने यह भी आरोप लगाया है कि ट्रक को कबाड़ में कटवाने की आशंका है। मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की जानकारी मिली है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का अपराध दर्ज किया है।
बिना ओटीपी बैंक खाते से 2.92 लाख पार
रायपुर, 24 जून। राजधानी के मुजगहन इलाके में एक युवक के खाता से अज्ञात व्यक्ति ने 2 लाख 92 हजार रुपए को धोखें से निकाल लिए। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 318(4) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक बोरियाकला स्थित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी निवासी नितिन प्रजापति ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसके स्टेट बैंक ऑफ इंडिया खाते से अज्ञात ने तीन अलग-अलग ट्रांजेक्शन के माध्यम से 2,92,009 रुपए निकाल लिए। आरोपी ने 20 मई 2026 को 98 हजार रुपए, 22 मई को 98,522 रुपए दूसरे दिन 95,487 रुपए यूपीआई के माध्यम से खातों में ट्रांसफर किए गए। इसकी जानकारी वितिन को मोबाइल पर आए मैसेज से हुई। ठगी होने के शक में उसने बैंक के टोल फ्री नम्बर पर कॉल कर अपना यूपीआई और एटीएम सेवाओं को ब्लॉक कराया। जिसके बाद उसने मामले की शिकायत मुजगहन थाना में दर्ज कराई। पुलिस ने साइबर ठगों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।