रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 24 जून। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज राजधानी के केनाल लिंकिंग रोड पर वीरांगना रानी दुर्गावती के बलिदान दिवस के अवसर पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री साय ने रानी दुर्गावती के जीवन प्रसंगों का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने मुगल साम्राज्य की विशाल सेना के सामने अद्वितीय वीरता का परिचय दिया। अंतिम क्षण तक संघर्ष करते हुए उन्होंने मातृभूमि की रक्षा और स्वाभिमान की रक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी तथा वीरगति को प्राप्त हुईं। उनका बलिदान भारतीय इतिहास में साहस और स्वाभिमान के अप्रतिम अध्याय के रूप में सदैव स्मरणीय रहेगा।
इस अवसर पर कृषि मंत्री रामविचार नेताम, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप, विधायक पुरंदर मिश्रा, भूलन सिंह मरावी, डॉ. नंदकुमार साय, महापौर श्रीमती मीनल चौबे,औषधीय पादप बोर्ड के अध्यक्ष विकास मरकाम, अजजा आयोग के अध्यक्ष रूप सिंह मंडावी सहित जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।